छात्र की मौत पर GT रोड जाम, शव रखकर परिजनों का हंगामा
पानीपत में 16 वर्षीय छात्र शेखर की मौत के बाद परिजनों ने GT रोड पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिवार पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा रहा।
➤ 16 वर्षीय छात्र शेखर की मौत के बाद GT रोड पर परिजनों का प्रदर्शन
➤ परिवार ने पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव सड़क पर रखा
➤ पुलिस ने 2 आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की, बाकी की तलाश जारी
पानीपत में 16 वर्षीय छात्र शेखर की मौत के बाद बुधवार को GT रोड पर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने बेटे का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। प्रदर्शन के दौरान परिवार की महिलाएं शव के पास बैठी रहीं और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताती रहीं।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। हंगामे के बीच पहुंचे डीएसपी ने मृतक की मां को मोबाइल फोन में आरोपियों की गिरफ्तारी से संबंधित वीडियो दिखाकर समझाने का प्रयास किया। जब पुलिस ने शव को वहां से हटाने की कोशिश की तो शेखर की बहन एम्बुलेंस के आगे खड़ी हो गई और विरोध जताया।
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन शव को गांव बड़ौली ले जाने के लिए तैयार हो गए। हालांकि रास्ते में पानीपत टोल प्लाजा के पास परिजनों ने फिर एम्बुलेंस रुकवा दी और CIA थाने के बाहर दोबारा प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का कहना था कि वारदात में शामिल सभी पांच आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक वे शांत नहीं बैठेंगे।
मिनी सचिवालय के सामने शुरू हुआ विरोध
मंगलवार रात पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान शेखर की मौत हो गई थी। इसके बाद बुधवार दोपहर परिजन शव लेकर मिनी सचिवालय के सामने पहुंचे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी तो हुई है, लेकिन वारदात में शामिल अन्य आरोपी अब भी खुले घूम रहे हैं।
22 अप्रैल को हुआ था हमला
जानकारी के अनुसार, बड़ौली गांव निवासी रामेश्वर का ऑटो घर के बाहर खड़ा रहता था। इसी बात को लेकर उनके बड़े भाई कृष्ण लाल से विवाद चल रहा था। 22 अप्रैल को इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
रामेश्वर का आरोप है कि जब वह अपने बेटे शेखर के साथ घर लौट रहे थे, तब कृष्ण लाल और उसके परिवार के सदस्यों अजय, विजय, बिमला और लोकेशा ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
ईंट लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ था छात्र
परिजनों के अनुसार आरोपियों ने शेखर के सिर पर इंटरलॉक ईंट से हमला किया। गंभीर चोट लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा। आरोप है कि रामेश्वर के साथ भी मारपीट की गई और उनके ऑटो का शीशा तोड़ दिया गया।
घटना के बाद घायल शेखर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पिछले करीब दो महीनों से उसका इलाज चल रहा था और वह वेंटिलेटर पर था। मंगलवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार का इकलौता बेटा था शेखर
मृतक शेखर परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। वह पानीपत के एक स्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था। बेटे की मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या बोले एसपी भूपेंद्र सिंह
पानीपत एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में पहले से धारा 307 के तहत केस दर्ज था। अब छात्र की मौत के बाद कानूनी धाराओं में बदलाव किया जाएगा। पुलिस अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
एसपी ने बताया कि मामले की जांच CIA को सौंप दी गई है। परिवार द्वारा जांच अधिकारी के दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
Akhil Mahajan