हरियाणा के छोरे की इमानदारी का हर कोई कायल! डॉलर और दुबई की करेंसी से भरा बैग लौटाने पहुंचा युवक, आर्थिक तंगहाली के बावजूद भी नहीं डगमगाया इमान
पानीपत टोल के पास युवक को डॉलर और दुबई की करेंसी से भरा बैग मिला। गरीब परिवार के परवीन ने ईमानदारी दिखाते हुए बैग मालिक तक पहुंचाने का फैसला किया।
पानीपत टोल के पास युवक को मिला डॉलर और दुबई की करेंसी से भरा बैग
गरीब परिवार के युवक परवीन ने ईमानदारी दिखाते हुए मालिक तक पहुंचाने का लिया फैसला
बैग में ATM कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और विदेशी करेंसी मिलने के बावजूद नहीं किया लालच
हरियाणा के पानीपत में एक युवक ने अपनी ईमानदारी से लोगों का दिल जीत लिया। नेशनल हाईवे पर रात के समय एक बैग मिलने के बाद युवक चाहता तो उसे अपने पास रख सकता था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। बैग में अमेरिकी डॉलर, दुबई की करेंसी, कई बैंक कार्ड और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। इसके बावजूद युवक ने बैग उसके असली मालिक तक पहुंचाने का फैसला किया।
यह मामला उस समय चर्चा में आया जब IBN24 चैनल के पत्रकार आकर्षण उप्पल ने इस पूरी घटना को लाइव वीडियो के जरिए लोगों तक पहुंचाया। सोशल मीडिया पर युवक की ईमानदारी की जमकर तारीफ हो रही है।
बैग मिलने वाले युवक की पहचान परवीन के रूप में हुई है, जो करनाल की शिव कॉलोनी का रहने वाला है। परवीन ने बताया कि वह किसी जरूरी काम से रात को बाहर गया था। वापसी के दौरान रात करीब 10:30 बजे पानीपत टोल टैक्स पार करने के बाद उसे सड़क किनारे एक बैग पड़ा मिला।
परवीन बैग को अपने घर ले गया। उसने बताया कि रात करीब 12 बजे उसने बैग खोलकर देखा। अंदर एक मोबाइल फोन, अमेरिकी डॉलर, दुबई की करेंसी, कई ATM कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। मोबाइल फोन बंद था, जिसे उसने चालू कर दिया ताकि मालिक खुद संपर्क कर सके।
पूरी रात इंतजार करने के बावजूद किसी का फोन नहीं आया। इसके बाद परवीन ने खुद मीडिया से संपर्क किया ताकि बैग उसके असली मालिक तक पहुंच सके।
वीडियो में परवीन ने कहा कि उसके मन में एक बार भी यह विचार नहीं आया कि वह पैसे अपने पास रख ले। उसने साफ कहा कि यह मेहनत की कमाई किसी और की है और किसी के जरूरी दस्तावेज खोना बहुत बड़ी परेशानी बन सकता है।
बैग की जांच में सामने आया कि बैग मालिक का नाम गौरव चांदला है, जो चंडीगढ़ के सेक्टर-37 का रहने वाला बताया गया है। बैग में ICICI बैंक, HDFC बैंक और दुबई के बैंक के कार्ड भी मिले हैं। ड्राइविंग लाइसेंस और वोटर कार्ड पर भी यही पता दर्ज मिला।
बैग में अमेरिकी डॉलर और दुबई की करेंसी बड़ी मात्रा में मौजूद थी। वीडियो में बताया गया कि संभवतः बैग मालिक दुबई में काम करता होगा और वहीं से विदेशी मुद्रा लेकर आया होगा।
परवीन ने कहा कि अगर किसी का ड्राइविंग लाइसेंस, ATM कार्ड और जरूरी दस्तावेज खो जाएं तो उन्हें दोबारा बनवाने में काफी समय और पैसा खर्च होता है। इसलिए उसने तय किया कि बैग उसके असली मालिक तक पहुंचाना ही सही कदम होगा।
पत्रकार आकर्षण उप्पल ने भी लोगों से अपील की कि ऐसी ईमानदारी को सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी का खोया सामान लौटाता है तो सिर्फ “थैंक यू” कहना काफी नहीं होता, बल्कि ऐसे लोगों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
परवीन ने पुलिस स्टेशन जाने की बजाय मीडिया कार्यालय में बैग पहुंचाया। उसने कहा कि उसे विश्वास था कि यहां से बैग सही मालिक तक पहुंच जाएगा।
ऐसे समय में जब समाज में अक्सर बेईमानी और लालच की खबरें सामने आती हैं, एक गरीब परिवार से आने वाले युवक की ईमानदारी ने लोगों के सामने नई मिसाल पेश की है।
pooja