सब्जी विक्रेता की चाकू मारकर हत्या, दिन के झगड़े ने ली जान
पंचकूला में सब्जी विक्रेता मोहित की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दिन में हुए झगड़े के बाद रात को हमला हुआ, पुलिस ने आरोपी की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है।
दिन में हुए झगड़े के बाद रात को युवक पर चाकू से हमला
■ सीने पर दो वार, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
■ आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय
हरियाणा के पंचकूला में सोमवार रात एक सब्जी विक्रेता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोहित के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला था। वह फिलहाल राजीव कॉलोनी में रहकर सब्जी की रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा कर रहा था।
पुलिस के अनुसार सोमवार को सब्जी मंडी की छुट्टी होने के कारण मोहित अपने दोस्तों के साथ बाजार में कपड़े खरीदने गया था। इसी दौरान उसकी अभिषेक उर्फ लोटा नामक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो बाद में झगड़े में बदल गई।
बताया जा रहा है कि इस झगड़े के कुछ समय बाद आरोपी ने न्यू इंदिरा कॉलोनी के सामने चौक पर मोहित को घेर लिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आरोपी ने मोहित के सीने पर दो वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल मोहित को सेक्टर-6 अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार मोहित का परिवार करीब डेढ़-दो महीने पहले गांव लौट गया था, जबकि वह यहां अकेला रहकर काम कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी महेंद्र ढांडा ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
pooja