BJP की राष्ट्रीय टीम में हरियाणा के 4 चेहरे,भाटिया-पूनिया महामंत्री, अरुण-सिद्धार्थ को बड़ी जिम्मेदारी

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हरियाणा से जुड़े चार नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिली है। संजय भाटिया और सतीश पूनिया राष्ट्रीय महामंत्री बने, जबकि अरुण यादव और सिद्धार्थ यादव को भी राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिली। ओपी धनखड़ को टीम में जगह नहीं मिली।

BJP की राष्ट्रीय टीम में हरियाणा के 4 चेहरे,भाटिया-पूनिया महामंत्री, अरुण-सिद्धार्थ को बड़ी जिम्मेदारी

➤ संजय भाटिया और सतीश पूनिया राष्ट्रीय महामंत्री बने
➤ सिद्धार्थ यादव और अरुण यादव को संगठन में नई जिम्मेदारी
➤ ओपी धनखड़ को नई राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली


पंचकूला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में हरियाणा से जुड़े चार चेहरों को संगठन में अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। पानीपत से जुड़े राज्यसभा सांसद संजय भाटिया और हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं, महेंद्रगढ़ की वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक और गुरुग्राम निवासी अरुण यादव को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी ओर, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रहे ओमप्रकाश धनखड़ को नई राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली है।

नई नियुक्तियों के साथ ही भाजपा के संगठन में हरियाणा से जुड़े नेताओं की भूमिका को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासकर संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाटिया पहले भी हरियाणा भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और पार्टी के पुराने संगठनकर्ताओं में उनकी गिनती होती है।

भाटिया को सांसद के साथ संगठन की बड़ी जिम्मेदारी

संजय भाटिया पानीपत के रहने वाले हैं। वे वर्ष 2019 में करनाल लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर सांसद चुने गए थे। उस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के कुलदीप शर्मा को 6.56 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था। उस समय यह हरियाणा के लोकसभा चुनावों में सबसे बड़ी जीत थी।

भाटिया हरियाणा भाजपा में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2026 में भाजपा ने उन्हें हरियाणा से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया, जिसके बाद वे राज्यसभा पहुंचे। संसद में उनके कार्यकाल के दौरान गृह मामलों की स्थायी समिति, सांसदों के वेतन-भत्तों संबंधी संयुक्त समिति और एमएसएमई मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति जैसी जिम्मेदारियां भी शामिल रही हैं।

भाजपा संगठन में भाटिया को केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के करीबी नेताओं में भी गिना जाता है। अब राष्ट्रीय महामंत्री के तौर पर उन्हें संगठन में और बड़ी भूमिका मिली है।

सतीश पूनिया की हरियाणा में सक्रियता के बाद राष्ट्रीय संगठन में प्रमोशन

डॉ. सतीश पूनिया मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। वे राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और संगठन में प्रदेश महामंत्री समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। इसके बाद उन्हें राजस्थान भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।

फिलहाल वे राज्यसभा सांसद हैं। हरियाणा भाजपा प्रभारी के तौर पर वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद उनकी संगठनात्मक भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही। वर्ष 2026 में भाजपा ने उन्हें राजस्थान से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया था। अब राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

हरियाणा में भाजपा संगठन और चुनावी गतिविधियों के दौरान पूनिया की सक्रिय भूमिका रही है। ऐसे में नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलने को संगठन के स्तर पर अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

सुधा यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव को भी नई जिम्मेदारी

महेंद्रगढ़ की रहने वाली भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव को भी संगठन में नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। इससे पहले सिद्धार्थ यादव भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर पार्टी का पक्ष रखते रहे हैं।

सिद्धार्थ यादव सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट हैं। उन्होंने एलएलबी और एलएलएम की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन यानी UCL से पब्लिक पॉलिसी की पढ़ाई की है।

सिद्धार्थ यादव की मां डॉ. सुधा यादव वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में महेंद्रगढ़ से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद पहुंची थीं। वह वर्ष 2019 से 2022 तक राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) की सदस्य भी रहीं। अगस्त 2022 में उन्हें भाजपा के संसदीय बोर्ड में शामिल किया गया था।

अब सिद्धार्थ यादव को राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने से हरियाणा के दक्षिणी हिस्से से जुड़े इस राजनीतिक परिवार की भाजपा संगठन में मौजूदगी भी चर्चा में है।

अरुण यादव के जिम्मे राष्ट्रीय सोशल मीडिया की जिम्मेदारी

गुरुग्राम के रहने वाले अरुण यादव भाजपा के डिजिटल और सोशल मीडिया अभियानों से जुड़े प्रमुख चेहरों में रहे हैं। जनवरी 2024 में उन्हें हरियाणा भाजपा का सोशल मीडिया प्रमुख बनाया गया था।

अरुण यादव इससे पहले हरियाणा भाजपा की आईटी सेल के प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2009 में एमबीए किया। कॉरपोरेट सेक्टर में काम करने के बाद अक्टूबर 2018 में वे भाजपा से जुड़े।

वर्ष 2019 के जींद उपचुनाव के दौरान उन्होंने पार्टी के डिजिटल अभियानों में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की। इसके बाद हरियाणा भाजपा के सोशल मीडिया और डिजिटल कैंपेन में उनकी भूमिका लगातार बढ़ती गई। अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

ओपी धनखड़ को नई टीम में जगह नहीं

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हरियाणा से जुड़े नेताओं की संख्या बढ़ने के साथ ही एक बड़ा नाम बाहर भी हुआ है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रहे ओमप्रकाश धनखड़ को नई टीम में जगह नहीं मिली है।

धनखड़ हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं और लंबे समय तक पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। राष्ट्रीय टीम से उनका नाम बाहर होने के बाद हरियाणा भाजपा की अंदरूनी राजनीति और संगठन में आगे होने वाले बदलावों को लेकर चर्चाएं शुरू होना स्वाभाविक है।

हरियाणा के लिए क्या मायने रखती है नई टीम?

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हरियाणा से जुड़े चार नेताओं को जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश की राजनीति और संगठन के बीच पार्टी के नए समीकरणों पर नजरें टिक गई हैं। एक तरफ संजय भाटिया और सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक पद मिले हैं, वहीं सिद्धार्थ यादव और अरुण यादव को मीडिया तथा सोशल मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारियां दी गई हैं।

इन नियुक्तियों से साफ है कि भाजपा ने संगठन में एक तरफ अनुभवी नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी है, तो दूसरी तरफ मीडिया और डिजिटल क्षेत्र में सक्रिय चेहरों को भी राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया है। वहीं ओपी धनखड़ को नई टीम में जगह नहीं मिलने से हरियाणा भाजपा के पुराने संगठनात्मक समीकरणों को लेकर भी राजनीतिक नजरें अब पार्टी के अगले कदम पर रहेंगी।