बिजली निगम का JE 24 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, नया मीटर लगवाने के बदले मांगी थी घूस
हरियाणा के भिवानी में नया बिजली मीटर कनेक्शन लगवाने के बदले 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते बिजली निगम का जूनियर इंजीनियर ACB ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
➤ नया बिजली मीटर कनेक्शन जारी करने के बदले मांगे थे 24 हजार रुपये
➤ गांव कायला के व्यक्ति की शिकायत पर ACB ने बिछाया जाल
➤ सांजरवास बिजली निगम में तैनात JE दीपक को रंगे हाथों पकड़ा
भिवानी। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV एवं ACB) ने बिजली निगम के एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी JE पर नया बिजली मीटर कनेक्शन लगवाने के बदले एक उपभोक्ता से 24 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद बिजली निगम में भी हलचल मच गई है।
नया बिजली मीटर लगवाने के लिए मांगे 24 हजार रुपये
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक के रूप में हुई है। वह दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के सांजरवास (दादरी) कार्यालय में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात था।
गांव कायला निवासी एक व्यक्ति ने SV एवं ACB को शिकायत दी थी कि नया बिजली मीटर कनेक्शन लगवाने के बदले JE दीपक उससे 24 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। इसलिए उसने मामले की जानकारी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी।
शिकायत मिलते ही ACB ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच और कार्रवाई की योजना बनाई। 17 नवंबर को थाना SV एवं ACB हिसार में आरोपी JE के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत FIR दर्ज की गई।
इसके बाद SV एवं ACB यूनिट भिवानी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान जूनियर इंजीनियर दीपक को शिकायतकर्ता से 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में आगे की जांच जारी है।
रिश्वत मांगने पर यहां करें शिकायत
SV एवं ACB ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें।
नागरिक भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत 'सतर्क हरियाणा' मोबाइल ऐप के माध्यम से भी दर्ज करवा सकते हैं।
शिकायत के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर:
-
टोल फ्री नंबर: 1064
-
टोल फ्री नंबर: 1800-180-2022
-
व्हाट्सऐप नंबर: 94178-91064
ब्यूरो के अनुसार, शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आमजन से बिना किसी डर या संकोच के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की गई है।
Akhil Mahajan