₹200 की लॉटरी टिकट ने बदली किस्मत, पंचकूला के सिक्योरिटी गार्ड ने जीते डेढ़ करोड़
हरियाणा के पंचकूला जिले के मौली गांव निवासी सिक्योरिटी गार्ड कपिल देव ने मात्र ₹200 की पंजाब स्टेट डियर लॉटरी टिकट खरीदकर डेढ़ करोड़ रुपये का पहला इनाम जीत लिया। जीत की खबर से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
■ ₹200 की लॉटरी टिकट ने बदली सिक्योरिटी गार्ड की किस्मत
■ पंचकूला के कपिल देव ने जीता डेढ़ करोड़ रुपये का पहला इनाम
■ साधारण परिवार से आने वाले कपिल देव की जीत से गांव में खुशी की लहर
कभी-कभी किस्मत ऐसा करवट लेती है कि पल भर में इंसान की पूरी जिंदगी बदल जाती है। हरियाणा के पंचकूला जिले के रायपुररानी के गांव मौली निवासी कपिल देव के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। पेशे से सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करने वाले कपिल देव ने केवल ₹200 की मंथली पंजाब स्टेट डियर लॉटरी का टिकट खरीदा था। किस्मत ने ऐसा साथ दिया कि उसी टिकट ने उन्हें डेढ़ करोड़ रुपये का पहला इनाम दिला दिया। इस खबर के सामने आते ही उनके परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कपिल देव ने मोहाली के जीरकपुर स्थित लोकेश लॉटरी एजेंसी से यह टिकट खरीदा था। जब लॉटरी का परिणाम घोषित हुआ तो कपिल देव का नाम पहले इनाम के रूप में सामने आया। डेढ़ करोड़ रुपये की इस बड़ी जीत ने उनके परिवार की खुशियों को दोगुना कर दिया। साधारण जीवन जीने वाले कपिल देव के लिए यह जीत किसी सपने से कम नहीं मानी जा रही है।
कपिल देव तीन बच्चों के पिता हैं और उनका परिवार साधारण आर्थिक स्थिति में जीवन यापन कर रहा था। उनके पिता पंजाब एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट से रिटायर हो चुके हैं। परिवार के खर्चों को पूरा करने के लिए कपिल देव लगातार मेहनत करते रहे और सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते रहे। ऐसे में लॉटरी का यह बड़ा इनाम उनके परिवार के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है।
लोकेश लॉटरी एजेंसी के संचालक लोकेश कुमार उर्फ लकी ने बताया कि उनकी एजेंसी से लॉटरी टिकट खरीदकर करोड़पति बनने वाले कपिल देव 30वें व्यक्ति हैं। इससे पहले उनकी एजेंसी से 29 लोग करोड़पति बन चुके हैं। कपिल देव की जीत की खबर सामने आते ही गांव मौली और आसपास के इलाके में खुशी का माहौल है। लोग उन्हें बधाइयां देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं और उनकी किस्मत की चर्चा हर तरफ हो रही है।
Akhil Mahajan