पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, 4 बदमाश गिरफ्तार; एक को गोली लगी, पुलिसकर्मी भी घायल
पलवल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में चार अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार किए गए। एक आरोपी को गोली लगी जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ।
➤ पलवल में पुलिस और अंतरराज्यीय गिरोह के बदमाशों के बीच मुठभेड़
➤ 4 शातिर बदमाश गिरफ्तार, एक आरोपी व एक पुलिसकर्मी घायल
➤ बदमाशों से हथियार, कारतूस और बलेनो कार बरामद
हरियाणा के पलवल जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और एक बलेनो कार बरामद की है।
डीएसपी हेडक्वार्टर साहिल ढिल्लों ने बताया कि CIA हथीन (एवीटी) स्टाफ के प्रभारी पीएसआई दीपक गुलिया को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के इटावा से 4-5 हथियारबंद बदमाश एक बलेनो कार में पलवल की ओर आ रहे हैं। सूचना थी कि आरोपी पलवल या केएमपी मार्ग पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथियों से मिलने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर केएमपी चढ़ाई के पास जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाश कार लेकर होडल की तरफ भाग निकले।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए मुंडकटी चौक पर नाकाबंदी की। इसी दौरान जब सिपाही देवेंद्र ने कार की खिड़की खोलने की कोशिश की तो कार में बैठे एक बदमाश ने सीधे फायर कर दिया। गोली देवेंद्र के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
इसके बाद बदमाश नाकाबंदी तोड़कर मर्रोली रोड की तरफ भागे, लेकिन कुछ दूरी पर उनकी कार का टायर फट गया। कार रुकने के बाद आरोपी बाहर निकल आए और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां पुलिस वाहन के बोनट और साइड शीशे पर लगीं।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। अंधेरे का फायदा उठाकर एक आरोपी फरार हो गया, जबकि पुलिस ने घायल सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
सभी आरोपी यूपी के इटावा निवासी
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकरम, कृष्ण, आलोक उर्फ राहुल ठाकुर और माधव गुप्ता के रूप में हुई है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के रहने वाले हैं। फरार आरोपी की पहचान विपुल द्विवेदी के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गोली लगने से घायल आरोपी माधव गुप्ता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक राइफलनुमा पोना, एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, 12 खाली खोल और एक बलेनो कार बरामद की है।
कई संगीन मामलों में शामिल आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल आरोपी माधव गुप्ता के खिलाफ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, अपहरण, जानलेवा हमला और गैंगस्टर एक्ट समेत 25 मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं आरोपी आलोक उर्फ राहुल ठाकुर के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, रंगदारी, धोखाधड़ी और लूट के चार मामले दर्ज हैं। आरोपी अकरम के खिलाफ भी विभिन्न थानों में दो आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस कर रही पूछताछ
डीएसपी साहिल ढिल्लों ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ जारी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपी पलवल में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने आए थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह किसी हत्या, लूट या डकैती की योजना बना रहा था।
मुंडकटी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
Akhil Mahajan