चलती थार की छतों पर चढ़कर बारातियों ने किया खतरनाक स्टंट
नूंह में बारात के दौरान चलती थार गाड़ियों पर स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद दूल्हे समेत चार लोगों पर FIR दर्ज की गई। पुलिस अन्य युवकों की पहचान कर रही है।
चलती थार की छतों पर चढ़कर बारातियों ने किया खतरनाक स्टंट
दूल्हे समेत 4 वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की FIR
वीडियो वायरल होने के बाद नूंह पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
हरियाणा के नूंह जिले में शादी की खुशियों के बीच सड़क पर की गई खतरनाक स्टंटबाजी अब दूल्हे और बारातियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर दूल्हे आकिब समेत चार थार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की भी पहचान की जा रही है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कई युवक चलती हुई थार गाड़ियों की छतों पर खड़े होकर हुड़दंग करते दिखाई दिए। इस दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह वीडियो गांव नंगला क्षेत्र का है। वीडियो मिलने के बाद नगीना थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और गाड़ियों के नंबरों के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की।
जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि बारात रवाना होने से पहले दूल्हे ने कथित तौर पर कहा था कि "थार की छतों पर चढ़कर जाना है, निकाह बार-बार नहीं होता।" इसी बयान के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि वाहन चालक युवकों को छतों पर बैठाकर तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे। यह न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकता था।
उप-निरीक्षक यशपाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर दूल्हे आकिब और चार वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीडियो के आधार पर अन्य युवकों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी तावडू क्षेत्र में बारात के दौरान लग्जरी गाड़ियों पर स्टंटबाजी का मामला सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने दूल्हे और उसके पिता समेत कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया था और उनकी गाड़ियां भी जब्त कर ली थीं।
पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि शादी-ब्याह के नाम पर सड़क पर अराजकता और स्टंटबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली ऐसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
pooja