नूंह में कुएं से मां और तीन बेटियों के शव मिले तीसरी बेटी होने पर प्रताड़ना का आरोप, 7 पर केस

हरियाणा के नूंह जिले के बदोपुर गांव में कुएं से मां और तीन बेटियों के शव मिलने के मामले में मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

नूंह में कुएं से मां और तीन बेटियों के शव मिले  तीसरी बेटी होने पर प्रताड़ना का आरोप, 7 पर केस

नूंह के बदोपुर गांव में कुएं से मां और तीन बेटियों के शव मिलने से सनसनी
मायके पक्ष का आरोप— तीसरी बेटी होने पर ससुराल वालों ने की हत्या
पति समेत 7 लोगों पर केस दर्ज, पुलिस ने शुरू की गहन जांच


हरियाणा के नूंह जिले के बदोपुर गांव में मां और उसकी तीन बेटियों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। करीब 70 फुट गहरे कुएं से चारों के शव मिलने के बाद मामला अब गंभीर विवाद में बदल गया है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

मृतका की पहचान 28 वर्षीय साहिला के रूप में हुई है। उसके साथ उसकी तीन बेटियां अक्सा (7), सानोफिया (4) और 6 महीने की मासूम बच्ची के शव भी कुएं से बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि सबसे छोटी बच्ची मां की पीठ पर चुनरी से बंधी हुई थी, जिससे घटना ने और भी दर्दनाक रूप ले लिया।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम को रोजा इफ्तार के बाद साहिला के अपनी तीनों बेटियों के साथ कुएं में गिरने की बात सामने आई। जब परिवार और ग्रामीणों को इस बारे में पता चला तो पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें पहले दो बड़ी बेटियों के शव कुएं से बरामद हुए। इसके बाद सोमवार दोपहर को साहिला और छह महीने की बच्ची का शव भी कुएं से निकाल लिया गया।मृतका के पिता हनीफ, जो राजस्थान के कोटा के रहने वाले हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को दहेज और बेटा न होने के कारण लगातार प्रताड़ित किया जाता था

उन्होंने बताया कि साहिला की शादी 2018 में बदोपुर निवासी शाहिद से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर परेशान किया जाता था। जब साहिला को पहली और दूसरी बेटी हुई तो भी ससुराल पक्ष नाराज रहता था।

करीब छह महीने पहले तीसरी बेटी के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई थी। परिवार का आरोप है कि इसी कारण साहिला की हत्या कर उसकी बेटियों समेत शव कुएं में फेंक दिए गए

पड़ोसियों के अनुसार पति शाहिद और साहिला के बीच अक्सर झगड़ा होता था। बताया जा रहा है कि साहिला ने अपने कुछ जेवर अपने पिता को दे दिए थे, जिसे लेकर भी पति नाराज रहता था।

घटना से पहले भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। इसी के बाद यह दर्दनाक घटना सामने आई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

फिरोजपुर झिरका के डीएसपी अजायब सिंह के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

वहीं सदर थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिला स्तर पर टीमें गठित की गई हैं और सीआईए स्टाफ को भी जांच में लगाया गया है।

यह घटना एक बार फिर बेटा-बेटी के भेदभाव और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों को सामने ला रही है।