एक साल में पूरे देश में टोल प्लाजा सिस्टम पूरी तरह से होगा खत्म! जानें कैसे

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा में घोषणा की कि इलेक्ट्रॉनिक टोल प्रणाली शुरू हो गई है और एक साल में पारंपरिक टोल प्लाजा बंद हो जाएंगे। FASTag बिना UPI पर राहत मिलेगी।

एक साल में पूरे देश में टोल प्लाजा सिस्टम पूरी तरह से होगा खत्म! जानें कैसे

  • नई इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन प्रणाली की शुरुआत, 10 जगहों पर लागू

  • एक साल में पूरे देश में टोल प्लाजा सिस्टम पूरी तरह खत्म

  • FASTag न होने पर UPI भुगतान पर केवल 1.25 गुना टोल देना होगा


केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा में एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि देश में नई इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन प्रणाली की शुरुआत हो चुकी है और इसके पहले चरण में इसे 10 स्थानों पर लागू किया गया है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद पारंपरिक टोल प्लाजा सिस्टम पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। उनके अनुसार, अब टोल के नाम पर किसी वाहन चालक को सड़क पर रोका नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि एक वर्ष के भीतर यह इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली पूरे देश में लागू कर दी जाएगी।

गडकरी ने अपने संबोधन में बताया कि वर्तमान में देश में 10 लाख करोड़ रुपये की लागत से 4,500 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं चल रही हैं। उनके अनुसार, यह नई प्रणाली देश की सड़क परिवहन व्यवस्था में बड़ा सुधार लाएगी और समय व ईंधन दोनों की बचत में मदद करेगी।

सरकार ने वाहन चालकों को राहत देते हुए यह भी एलान किया है कि यदि किसी वाहन में FASTag नहीं है या वह सक्रिय नहीं है, तो टोल प्लाजा पर नकद में दोगुना टैक्स देने के बजाय अब केवल 1.25 गुना टोल देना होगा, अगर भुगतान UPI से किया जाए।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के नोटिफिकेशन के अनुसार, यह नई व्यवस्था 15 नवंबर से पूरे देश में लागू की जा चुकी है। इससे करोड़ों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।