मुरथल DCRUST यूनिवर्सिटी में ‘रिदम’ कार्यक्रम के दौरान हंगामा, छात्र और सिक्योरिटी गार्ड भिड़े
सोनीपत के DCRUST मुरथल में ‘रिदम’ कार्यक्रम के दौरान युवकों और सुरक्षा कर्मियों में लाठी-डंडों से भिड़ंत हुई। दो युवकों के सिर फूटे। पुलिस ने मौके पर हालात नियंत्रित किए।
-
मुरथल DCRUST यूनिवर्सिटी में ‘रिदम’ कार्यक्रम के दौरान युवकों-गार्डों में लाठी-डंडों से झगड़ा
-
गार्ड रूम में मारपीट, 2 युवकों के सिर फूटे; पुलिस पहुंचकर स्थिति नियंत्रित
-
वीडियो वायरल होने पर यूनिवर्सिटी ने सुरक्षा बढ़ाई, प्रशासन जांच में जुटा
हरियाणा के सोनीपत स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं तकनीकी विश्वविद्यालय मुरथल में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘रिदम’ के दौरान रविवार को अचानक हंगामा हो गया। मुख्य गेट पर भीड़ बढ़ने के साथ सुरक्षाकर्मियों और कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई। थोड़ी देर में मामला हाथापाई में बदल गया।
वीडियो में दिख रहा है कि गार्ड रूम में युवक और सुरक्षाकर्मी एक दूसरे पर लाठी-डंडों से वार करते नजर आए। इस दौरान दो युवकों के सिर फूट गए और खून बहता दिखा। कुछ युवक गेट पर रखी कुर्सियों को उठाकर तोड़ते दिखे। एक अन्य वीडियो में होमगार्ड को खिड़की से डंडे से वार करते हुए भी देखा गया।
घटनास्थल पर मौजूद युवकों ने आरोप लगाया कि NSUI के प्रेसिडेंट पर होमगार्ड ने शराब के नशे में हाथ उठाया, जिसके बाद माहौल और बिगड़ गया। कुछ युवकों ने एक गार्ड को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसकी तस्वीरें भी वायरल हुईं।
मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस की दो गाड़ियां यूनिवर्सिटी पहुंचीं। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। घायल सुरक्षाकर्मियों को अस्पताल भेजा गया और प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। देर रात तक किसी पक्ष ने पुलिस में शिकायत नहीं दर्ज कराई।
यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ बेकाबू होती गई, लेकिन गेट पर मौजूद कर्मी समय रहते स्थिति नियंत्रित नहीं कर सके। कई छात्रों का आरोप है कि बाहरी युवक बिना एंट्री पास के कैंपस में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
यूनिवर्सिटी में पहले भी बाहरी युवकों की एंट्री को लेकर छात्राओं ने शिकायतें दी थीं। उनका कहना है कि शाम के समय बाहरी लोग कैंपस में घुस आते हैं, जिससे छेड़छाड़ जैसी घटनाओं का खतरा रहता है।
वीडियो वायरल होने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर घटना की क्रमवार जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि झगड़ा करने वाले युवक यूनिवर्सिटी के छात्र थे या बाहर के।
यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रकाश सिंह ने कहा कि कुछ बाहरी युवक बिना अनुमति अंदर घुस रहे थे और रोकने पर नोकझोंक हो गई। उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा टीम ने समय रहते स्थिति संभाल ली और किसी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई है।
मुरथल थाना प्रभारी ने बताया कि किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं दी है और मामला आपसी समझौते से निपटा दिया गया है। शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।
Author1