हरियाणा-बाइक को ट्रक ने उड़ाया, 2 दोस्तों की मौत:बहन से मिलने करनाल जा रहे थे
कुरुक्षेत्र के रतनगढ़ पुल पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों मोहाली नगर निगम में कार्यरत थे और करनाल जा रहे थे।
कुरुक्षेत्र के दिल्ली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा शाहाबाद के पास रतनगढ़ पुल पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।
मृतकों की पहचान मोहाली के सेक्टर-52 निवासी विशाल (25) और सेक्टर-56 पलसोरा निवासी नीरज (24) के रूप में हुई है। दोनों मोहाली नगर निगम में कार्यरत थे और आपस में घनिष्ठ मित्र थे।
जानकारी के अनुसार, विशाल अपने दोस्त नीरज के साथ बाइक पर सवार होकर करनाल में अपनी बहन से मिलने जा रहा था। दोनों शाहाबाद होते हुए करनाल की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान रतनगढ़ पुल के ऊपर पीछे से आ रहे एक ट्रक ने ओवरटेक करते समय बाइक को कंडक्टर साइड से टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। नीरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विशाल को राहगीरों की मदद से शाहाबाद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी भी मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी हुड्डा शाहाबाद की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
परिवार के लोगों ने बताया कि विशाल के रिश्ते की बातचीत चल रही थी और जल्द ही उसका रिश्ता तय होने वाला था। वहीं नीरज का करीब एक महीने पहले पत्नी से तलाक हुआ था। उसकी शादी छह वर्ष पहले हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें चार वर्षीय बेटा दीपांशु और पांच वर्षीय बेटी नोनू शामिल हैं।
विशाल और नीरज एक निजी कंपनी के माध्यम से मोहाली नगर निगम में कार्यरत थे। दोनों की अचानक मौत से उनके परिवारों के साथ-साथ सहकर्मियों में भी शोक की लहर है।
शाहाबाद थाना प्रभारी जगदीश टामक ने बताया कि विशाल के जीजा रोहित के बयान पर ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
pooja