हरियाणा में पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या, स्कॉर्पियो सवार हमलावर फरार

सोनीपत के खरखोदा में स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने बाइक पर जा रहे पिता-पुत्र धर्मवीर और मोहित की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों की गाड़ी डिवाइडर से टकराई, जिसके बाद उन्होंने दूसरी बाइक छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

स्कार्पियो सवार हमलावरों ने पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या की
वारदात खरखोदा के थाना कलां चौक के पास सुबह 10 बजे हुई
हमलावरों की स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, बाइक छीनकर फरार हुए आरोपी



सोनीपत जिले के खरखोदा में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब स्कार्पियो सवार हमलावरों ने सरेआम बाइक पर जा रहे पिता-पुत्र को गोली मारकर हत्‍या कर दी। घटना थाना कलां चौक के पास खरखोदा बाईपास पर हुई। हमले में गांव गोपालपुर निवासी धर्मवीर और उनका बेटा मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे धर्मवीर अपने बेटे मोहित के साथ बाइक से खरखोदा की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार स्कार्पियो गाड़ी आई और उसमें सवार हमलावरों ने बाइक सवारों पर गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज सुनकर सड़क पर अफरातफरी मच गई। धर्मवीर और मोहित मौके पर गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देकर भागने लगे लेकिन उनकी स्कार्पियो गाड़ी डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई

इसके बाद गाड़ी छोड़कर दो हमलावर पैदल भागे और तुर्कपुर के एक युवक की बाइक छीनकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही खरखोदा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर सोनीपत सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं।

एसपी सोनीपत ने बताया कि यह मामला आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल से खाली कारतूस, मोबाइल फोन और वाहन के हिस्से बरामद किए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि स्कार्पियो गाड़ी के नंबर और हमलावरों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने कहा कि जल्द ही मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी होगी और हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।