करनाल की नहर से 20 मिनट में 2 शव मिले, एक बैंक कर्मचारी की हुई पहचान,दूसरा अज्ञात

करनाल के इंद्री में पश्चिमी यमुना नहर से 20 मिनट के अंतराल में दो शव मिले। एक बैंक कर्मचारी सुशील कुमार की पहचान हुई, दूसरे की तलाश जारी है।

करनाल की नहर से 20 मिनट में 2 शव मिले, एक बैंक कर्मचारी की हुई पहचान,दूसरा अज्ञात

करनाल की पश्चिमी यमुना नहर से 20 मिनट के अंतराल में दो शव बरामद

एक शव की पहचान यमुनानगर निवासी बैंक कर्मचारी सुशील कुमार के रूप में हुई

दोनों शवों के हाथों पर बंधी थीं 6-7 राखियां, पुलिस पहचान और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी

 करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर से करीब 20 मिनट के अंतराल में दो शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। एक शव की पहचान यमुनानगर निवासी बैंक कर्मचारी सुशील कुमार के रूप में हुई है, जबकि दूसरे शव की पहचान नहीं हो पाई है। दूसरे मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। दोनों शवों के हाथों के ऊपर 6-7 राखियां बंधी हुई थीं, जिसके बाद पुलिस अब शवों की पहचान और दोनों मामलों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर करनाल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। सूचना मिलने के बाद थाना इंद्री से पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पहले शव की जेब से मिले बैंक के कागजात, हुई सुशील कुमार के रूप में पहचान

गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि उनकी टीम को पश्चिमी यमुना नहर में एक व्यक्ति का शव होने की सूचना के लिए कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही टीम इंद्री पहुंची और नहर से शव को बाहर निकाला।

मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर उसकी जेब से बैंक से संबंधित कागजात मिले। इन दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान सुशील कुमार के रूप में हुई। वह यमुनानगर का रहने वाला था और बैंक कर्मचारी था

पहला शव निकालने के बाद सामान समेट रही थी टीम, फिर आया दूसरा कॉल

प्रगट सिंह ने बताया कि पहला शव नहर से बाहर निकालने के बाद उनकी टीम अपना सामान समेट रही थी। इसी दौरान एक और कॉल आई, जिसमें नहर में दूसरे शव के होने की सूचना दी गई।

करीब 20 मिनट बाद दूसरा शव इंद्री के नजदीक नहर में पहुंचा, जिसे गोताखोरों ने बाहर निकाल लिया। दूसरे मृतक की उम्र करीब 55 साल बताई जा रही है।

कपड़ों की तलाशी में नहीं मिला पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज

दूसरे मृतक की पहचान के लिए उसके कपड़ों की तलाशी ली गई, लेकिन कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। उसने बदामी रंग का कुर्ता पहन रखा था।

पुलिस अब दूसरे मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है और दोनों मामलों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

दोनों शवों के हाथों में बंधी थीं 6-7 राखियां

गोताखोरों के अनुसार दोनों शवों के हाथों के ऊपर 6-7 राखियां बंधी हुई थीं। सूचना मिलने पर थाना इंद्री से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया।

पुलिस ने दोनों शवों को करनाल के मोर्चरी हाउस भेज दिया है। मामले में पुलिस शवों की पहचान और दोनों मामलों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।