46000 से अधिक नौकरी, 14 हजार पदों पर भर्ती जल्द'; CM नायब सैनी बोले- शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार का होगा विस्तार
हरियाणा में शिक्षा और स्वास्थ्य विस्तार, 14 हजार पदों की भर्ती, 250 सीएम-ईईई स्कूल और लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने जानकारी दी।
➤ 250 सीएम-ईईई स्कूल और 900 सरकारी स्कूलों में आईसीटी लैब को मंजूरी
➤ दो वर्षों में 46,500 नौकरियां देने और 14 हजार पदों की भर्ती जल्द पूरी करने का दावा
➤ लाडो लक्ष्मी योजना से 10 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 2,466 करोड़ रुपये पहुंचे
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ रोजगार, महिला सशक्तीकरण और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक शिक्षा सुविधाएं बढ़ाने के लिए पीएम-श्री की तर्ज पर 250 सीएम-ईईई स्कूल खोले गए हैं, जबकि 900 सरकारी स्कूलों में आईसीटी लैब स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। सरकार ने उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी विस्तार का दावा किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 तक प्रदेश में छह मेडिकल कालेज थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 18 हो गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के साथ जरूरतमंद लोगों को उपचार उपलब्ध कराने पर भी सरकार का जोर है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को सालाना पांच लाख रुपये तक निश्शुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
14 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी होने का दावा
रोजगार के मोर्चे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में 46,500 नौकरियां दी गई हैं। इसके अलावा 14 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी होने की बात कही गई है। सरकार की ओर से अनुबंधित कर्मचारियों, तकनीकी शिक्षा के अतिथि संकाय, कालेजों के एक्सटेंशन लेक्चरर और अतिथि प्राध्यापकों को सेवा सुरक्षा देने का भी उल्लेख किया गया।
मुख्यमंत्री के अनुसार पांच वर्ष से अधिक सेवा वाले कामन काडर ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए लिपिक पद पर पदोन्नति का कोटा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत किया गया है।
अग्निवीरों के लिए भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण
सरकार ने अग्निवीरों के लिए भी कई प्रावधान किए हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार पुलिस कांस्टेबल, माइनिंग गार्ड, जेल वार्डर, फारेस्ट गार्ड, आईआरबी और एसडीआरएफ कांस्टेबल, फायर आपरेटर-कम-ड्राइवर तथा वाइल्ड लाइफ गार्ड के चिन्हित पदों की सीधी भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को 20 प्रतिशत हारिजेंटल आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है।
अग्निवीर नीति के दायरे में आने वाले ग्रुप-सी पदों की सीधी भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को सभी प्रकार की परीक्षाओं से छूट देने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
पदक विजेता खिलाड़ियों को 147 करोड़ रुपये के पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने खेल क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में 1,319 पदक विजेता खिलाड़ियों को 147 करोड़ 16 लाख रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए हैं। इसके अलावा 42 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां देने का दावा किया गया है।
लाडो लक्ष्मी योजना से 10 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ
महिला सशक्तीकरण के संबंध में मुख्यमंत्री ने लाडो लक्ष्मी योजना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये दिए जा रहे हैं। अब तक 10 लाख से अधिक लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में कुल 2,466 करोड़ 63 लाख रुपये की राशि पहुंचाई जा चुकी है।
सरकार ने योजना का दायरा बढ़ाकर इसमें 1 लाख 80 हजार रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को भी शामिल करने की बात कही है।
लखपति दीदी और नमो ड्रोन दीदी योजना का भी उल्लेख
मुख्यमंत्री ने बताया कि लखपति दीदी योजना के तहत 2 लाख 92 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। वहीं नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत 141 महिलाओं को प्रशिक्षण देने के साथ निश्शुल्क ड्रोन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही 100 और महिलाओं को यह सुविधा दी जाएगी।
सरकार की ओर से रखे गए इन आंकड़ों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, खेल और पूर्व अग्निवीरों के लिए किए गए प्रावधानों को प्रमुखता दी गई है।
Akhil Mahajan