सब्‍जी के 10₹ मांगें तो कर दिया दुकानदार का कत्‍ल, दो युवकों ने दिया हत्‍या को अंजाम

करनाल में 10 रुपए के विवाद में दो युवकों ने सब्जी विक्रेता संजय सैनी की डंडे और ईंट से हमला कर हत्या कर दी। बेटी की शिकायत पर केस दर्ज।

सब्‍जी के 10₹ मांगें तो कर दिया दुकानदार का कत्‍ल, दो युवकों ने दिया हत्‍या को अंजाम
  • करनाल में 10 रुपए के विवाद में सब्जी विक्रेता की हत्या
  • दो युवकों ने सिर में डंडा और ईंट मारकर उतारा मौत के घाट
  • बेटी बोली- लोग तमाशा देखते रहे, कोई बचाने नहीं आया

हरियाणा के करनाल में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज 10 रुपए के विवाद में दो युवकों ने एक सब्जी विक्रेता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि युवकों ने व्यक्ति के सिर पर डंडे और ईंट से ताबड़तोड़ वार किए। घटना के दौरान परिवार मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।

मृतक की पहचान संजय सैनी (44) के रूप में हुई है। वह बूढ़ाखेड़ा गांव में मुख्य सड़क किनारे सब्जी और फल की दुकान चलाते थे। परिवार में उनकी पत्नी और चार बेटियां हैं। घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे की बताई जा रही है।

मृतक की बेटी शिवानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी मां और बहनों के साथ दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान दो युवक दुकान पर आए और करीब 210 रुपए के फल-सब्जी खरीदकर केवल 200 रुपए देकर जाने लगे। जब बाकी 10 रुपए मांगे गए तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे।

शोर सुनकर संजय सैनी मौके पर पहुंचे और युवकों को समझाने का प्रयास किया। इसी बात पर दोनों आरोपियों ने उन्हें धक्का दे दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

शिवानी के अनुसार उसकी छोटी बहन सलौनी पिता को बचाने के लिए आगे आई, लेकिन आरोपियों ने उससे डंडा छीन लिया और उसी से हमला कर दिया। जब उनकी मां अनु बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद दोनों युवकों ने संजय सैनी के सिर पर डंडे और ईंट से कई वार किए।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल संजय को पहले करनाल के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से उनकी हालत गंभीर होने पर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पीड़ित बेटी शिवानी ने कहा कि इतनी बड़ी मार्केट में लोग खड़े होकर तमाशा देखते रहे, लेकिन किसी ने भी उनके पिता को बचाने की कोशिश नहीं की। उसके बयान ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

सेक्टर 32-33 थाना पुलिस ने बेटी की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। SHO सतीश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।