करनाल में NRI मंगेतर के शादी से इनकार के बाद लेडी नर्स ने की आत्मह*त्या
करनाल में 24 वर्षीय लेडी नर्स ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि इटली में रहने वाले मंगेतर ने वीडियो कॉल पर शादी से इनकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- करनाल में 24 वर्षीय लेडी नर्स ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
- परिजनों का आरोप- NRI मंगेतर ने वीडियो कॉल पर शादी से किया इनकार
- पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, शिकायत मिलने के बाद होगी कार्रवाई
हरियाणा के करनाल में 24 वर्षीय लेडी नर्स चांदनी ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई, जब वह घर में अकेली थी। काम से लौटी मां ने कमरे में बेटी का शव फंदे से लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले चांदनी की अपने मंगेतर से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। परिजनों का आरोप है कि इटली में रहने वाले मंगेतर ने कॉल के दौरान शादी से इनकार कर दिया। इससे आहत होकर चांदनी ने यह कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतका की पहचान चांदनी, निवासी फूसगढ़ (करनाल) के रूप में हुई है। वह नर्सिंग कोर्स पूरा करने के बाद एक निजी अस्पताल में ट्रेनिंग कर रही थी। परिवार में माता-पिता और एक भाई हैं। चांदनी परिवार की इकलौती बेटी थी।
परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन चांदनी ने सुबह घर की साफ-सफाई की और मंदिर भी गई थी। इसके बाद उसकी मां काम पर चली गई, जबकि पिता भी घर से बाहर थे। इसी दौरान उसकी मंगेतर से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई। परिवार का दावा है कि बातचीत के बाद वह मानसिक रूप से टूट गई और शाम को अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलने पर सेक्टर-32/33 थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
मृतका के पिता रामस्वरूप ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले चांदनी का रिश्ता बसताड़ा गांव निवासी अमन से तय हुआ था। युवक इटली में नौकरी करता है। दोनों की शादी करीब तीन महीने बाद होनी थी। शादी के बाद चांदनी को विदेश जाना था, जिसके लिए जरूरी दस्तावेज भी तैयार कर लिए गए थे और शादी की तैयारियां चल रही थीं।
परिजनों ने युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं सेक्टर-32/33 थाना के एसएचओ सुनील ने बताया कि शुरुआती जांच में युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से औपचारिक शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों की जांच अभी जारी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी तथ्य स्पष्ट हो पाएंगे।
pooja