करनाल हाईवे हादसे में इलाज के दौरान 2 मजदूरों की मौत

करनाल के तरावड़ी टी-पॉइंट पर ट्रक और छोटा हाथी वाहन की टक्कर में दो मजदूरों की इलाज के दौरान मौत हो गई। सभी मजदूर यूपी से पंजाब काम पर जा रहे थे।

करनाल हाईवे हादसे में इलाज के दौरान 2 मजदूरों की मौत

■ करनाल हाईवे हादसे में इलाज के दौरान 2 मजदूरों की मौत

■ ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से छोटा हाथी वाहन टकराया

■ यूपी से पंजाब काम पर जा रहे थे सभी मजदूर

करनाल के नेशनल हाईवे स्थित तरावड़ी टी-पॉइंट पर हुए सड़क हादसे में दो मजदूरों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज PGI चंडीगढ़ में चल रहा है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे एक ट्रक करनाल से चंडीगढ़ की तरफ जा रहा था। उसके पीछे एक छोटा हाथी (टाटा एस) वाहन चल रहा था, जिसमें 20 से 25 मजदूर, महिलाएं और बच्चे सवार थे। सभी लोग उत्तर प्रदेश के बदायूं से होशियारपुर, पंजाब काम के लिए जा रहे थे।

जैसे ही दोनों वाहन तरावड़ी टी-पॉइंट के पास पहुंचे, ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रहा छोटा हाथी वाहन अनियंत्रित हो गया और ट्रक की साइड में जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में बैठे कई लोग घायल हो गए।

हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जबकि 5 से 6 अन्य को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 38 वर्षीय सुरेश और 36 वर्षीय मिजाज ने दम तोड़ दिया।

बताया गया है कि मृतक मिजाज के परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है। वहीं सुरेश अपने पीछे तीन बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक सुरेश के बेटे ने बताया कि मिजाज वाहन में आगे बैठे थे, जबकि उसके पिता पीछे बैठे हुए थे। अचानक ट्रक के ब्रेक लगने के बाद जोरदार टक्कर हुई और हादसे में दोनों की जान चली गई।

उधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। एएसआई हरविश के अनुसार, ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।