पति को दूसरी पत्नी-बच्ची संग देख नहर में कूदी युवती, पुलिस और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

करनाल में 25 वर्षीय ज्योति नरवाल की स्कूटी और मोबाइल पश्चिमी यमुना नहर किनारे मिले हैं। परिजनों के आरोपों के बीच गोताखोर लगातार तलाश में जुटे हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पति को दूसरी पत्नी-बच्ची संग देख नहर में कूदी युवती, पुलिस और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

करनाल में युवती की स्कूटी और मोबाइल पश्चिमी यमुना नहर किनारे मिले, तलाश जारी

परिजनों का आरोप, पति को दूसरी महिला और बच्ची के साथ देखने के बाद तनाव में थी युवती

गोताखोरों की टीम नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, अभी तक कोई सुराग नहीं


करनाल। हरियाणा के करनाल में एक 25 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह उसकी स्कूटी और मोबाइल फोन घोघड़ीपुर के पास पश्चिमी यमुना नहर किनारे लावारिस हालत में मिले। परिजनों के अनुसार, युवती ने इससे पहले अपने छोटे भाई को फोन कर बताया था कि वह नहर में छलांग लगाने जा रही है। सूचना मिलते ही परिवार और पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद से गोताखोर नहर में उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

लापता युवती की पहचान ज्योति नरवाल (25) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि उसने करीब तीन साल पहले शेखपुरा गांव निवासी हरमिंद्र सिंह से लव मैरिज की थी। शादी के करीब एक साल बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पिछले दो वर्षों से ज्योति अपने मायके में रह रही थी और मामला अदालत में विचाराधीन था।

परिजनों का आरोप है कि 1 जुलाई को कोर्ट में पेशी के दौरान ज्योति ने अपने पति को एक दूसरी महिला और एक बच्ची के साथ देखा। परिवार का दावा है कि उसके पति ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर ली है। इस घटना के बाद ज्योति गहरे मानसिक आघात में चली गई थी।

परिवार के अनुसार, कोर्ट से लौटने के अगले दिन ज्योति के चेहरे पर पैरालाइसिस की समस्या हो गई। मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। 3 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे वह स्कूटी लेकर घर से निकली। उसने अपने छोटे भाई को फोन कर बताया कि उसकी स्कूटी घोघड़ीपुर के पास पश्चिमी यमुना नहर किनारे खड़ी है। उसने भाई से स्कूटी ले जाने के लिए कहा। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका।

परिवार के सदस्य तुरंत नहर किनारे पहुंचे, लेकिन उस समय स्कूटी नहीं मिली। इसके बाद परिजन लगातार उसकी तलाश करते रहे। 6 जुलाई की सुबह परिवार दोबारा नहर के पास पहुंचा। इस दौरान घोघड़ीपुर गांव से कुछ आगे झाड़ियों के पास रेलिंग के निकट स्कूटी खड़ी मिली। स्कूटी के पास उसका मोबाइल फोन भी रखा हुआ था।

सूचना मिलने के बाद गोताखोरों की टीम नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि अभी तक युवती का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।