करनाल क्लब मार्केट में आग का तांडव, 3 कारें राख, ₹3 लाख कैश जला, अफरातफरी

करनाल के क्लब मार्केट में आग लगने से 3 कारें जलकर राख हो गईं। एक कार में रखा ₹3 लाख कैश भी जल गया। आग के कारणों की जांच जारी है।

करनाल क्लब मार्केट में आग का तांडव, 3 कारें राख, ₹3 लाख कैश जला,  अफरातफरी

➤ करनाल क्लब मार्केट में खड़ी 3 कारें आग में जलकर राख
➤ एक कार में रखा ₹3 लाख कैश भी जलकर खत्म
➤ आग के कारणों को लेकर शॉर्ट सर्किट और सूखे पत्तों में चिंगारी की आशंका


हरियाणा के करनाल में स्थित क्लब मार्केट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब  अचानक खड़ी कारों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक तीन कारें इसकी चपेट में आकर जलकर पूरी तरह राख हो गईं। इस हादसे में एक कार में रखा करीब 3 लाख रुपए कैश भी आग में जलकर खत्म हो गया। वहीं करीब आधा दर्जन मोबाइल फोन भी कार में थे। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले पीछे खड़ी एक कार में आग लगी। कुछ ही देर में उसका टायर फटा और आग ने तेजी से आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दो गाड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं, जबकि एक बलेनो कार आंशिक रूप से बच पाई।

बताया जा रहा है कि जली हुई गाड़ियों में एक नई i20 टॉप मॉडल कार, एक ब्रेजा और एक अन्य वाहन शामिल है। इनमें से एक गाड़ी हाल ही में खरीदी गई थी, जो पूरी तरह खाक हो गई। वहीं बलेनो कार करीब डेढ़ साल पुरानी बताई जा रही है, जिसका आधा हिस्सा ही बच सका।

घटना को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि पास में पड़े सूखे पत्तों में आग लगी, जो धीरे-धीरे गाड़ियों तक पहुंच गई। वहीं कुछ लोग शॉर्ट सर्किट को भी आग लगने का कारण मान रहे हैं। फिलहाल आग के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह घटना और भी बड़ा रूप ले सकती थी।

मौके पर पहुंचे SHO रामलाल ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आग लगने के कारणों का सही पता लगाया जा सके।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाए।