BJP नेता के परिवार पर हमला, भांजे-भांजी का सिर फोड़ा

करनाल में भाजपा नेता सुभाष कश्यप के परिवार पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। भांजे-भांजी को ईंट मारकर घायल किया गया और कार के शीशे तोड़ दिए गए।

BJP नेता के परिवार पर हमला, भांजे-भांजी का सिर फोड़ा

करनाल में BJP नेता के परिवार पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला किया

भांजे-भांजी का ईंट मारकर सिर फोड़ा, महिलाओं से भी मारपीट

हमलावरों ने गाड़ी के शीशे तोड़े, पुलिस ने जांच शुरू की

हरियाणा के करनाल में भाजपा नेता के परिवार पर हुए हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार बदमाशों ने सड़क पर उनकी कार रुकवाकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने भाजपा नेता की भांजी और भांजे पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना में कार के शीशे भी तोड़ दिए गए। घायल परिवार को इलाज के लिए करनाल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पूर्व पार्षद और भाजपा नेता सुभाष कश्यप ने बताया कि शनिवार को वह अपने भांजे और भांजी को दवाई दिलाने के लिए देहरादून गए थे। वापसी के दौरान परिवार ने हरिद्वार घूमने का भी प्लान बनाया। देर रात लौटते समय यह हमला हुआ।

सुभाष कश्यप के अनुसार, रामपुरा कटाबाग के पास नहर किनारे दो बाइक सवार युवक उनकी गाड़ी के आगे-पीछे तेज रफ्तार में चलने लगे। उन्होंने बाइकर्स को आगे निकलने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने अचानक बाइक कार के आगे लगा दी और गाड़ी रुकवा ली।

इसके बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए कार के पास पहुंचे। परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने कार में बैठी महिलाओं के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की। जब भांजे सागर ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

हमलावरों ने सागर के सिर पर ईंट मार दी और लाठियों से भी हमला किया। बीच-बचाव करने आई भांजी को भी नहीं छोड़ा गया और उसके सिर पर भी ईंट मारकर घायल कर दिया गया।

परिवार के मुताबिक महिलाएं लगातार चिल्लाती रहीं, लेकिन आरोपी हमला करते रहे। बाद में उन्होंने पत्थर बरसाकर कार के शीशे भी तोड़ दिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सुभाष कश्यप का कहना है कि हमलावर असल में उन्हें निशाना बनाना चाहते थे। वह भी परिवार के साथ देहरादून जाने वाले थे, लेकिन अचानक किसी काम के चलते रास्ते में ही उतर गए। इसके बाद बदमाशों ने परिवार को निशाना बना लिया।

फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और परिवार के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।