रील के लिए साढ़े 3 घंटे में गर्लफ्रेंड से कार पर कराए 3400 'Kisses', 55 लाख Views के बाद जानें कितने का कटा चालान
ग्वालियर में युवक ने रील के लिए कार पर 3400 किसिंग मार्क बनवाए। वीडियो को 55 लाख व्यूज मिले, जिसके बाद यातायात पुलिस ने 5500 रुपये का चालान काटा।
➤ कार की पूरी बॉडी पर बनाए 3400 लिपस्टिक के निशान
➤ इंस्टाग्राम रील को एक दिन में मिले करीब 55 लाख व्यूज
➤ तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर पुलिस ने काटा चालान
ग्वालियर में सोशल मीडिया पर रील वायरल कराने के चक्कर में एक युवक ने अपनी कार को ही ‘किसिंग कार’ बना दिया। युवक की महिला मित्र ने कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से करीब 3400 होठों के निशान बनाए। इसके बाद कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज तक पहुंच गया। मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद यातायात पुलिस ने कार की पहचान कर उसे थाटीपुर क्षेत्र से बरामद किया और मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत 5500 रुपये का चालान काट दिया।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार मालिक को यातायात थाने बुलाकर पूछताछ की। युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस के सामने दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की बात कही। इसके बाद कार की बॉडी पर लगे लिपस्टिक के निशानों को पानी से साफ कराया गया।
वायरल वीडियो में तेज रफ्तार से दौड़ती दिखी कार
यातायात पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले एमपी 07 सीसी 9452 नंबर की कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कार सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही थी। कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से बने होठों के निशान नजर आ रहे थे।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद पुलिस ने कार की पहचान शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कार को थाटीपुर क्षेत्र से बरामद कर लिया। इसके बाद कार मालिक को थाने बुलाकर पूरे मामले को लेकर पूछताछ की गई।
यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वाहन तेज रफ्तार में दिखाई दे रहा था। वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई।
कार पर 3400 निशान बनाने में लगे साढ़े तीन घंटे
कार मालिक आदित्य सिकरवार ने पुलिस को बताया कि वह इंस्टाग्राम पर रील बनाता है। उसे उम्मीद थी कि कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होगा। उसकी उम्मीद के मुताबिक वीडियो को एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज मिल गए।
आदित्य ने पुलिस को बताया कि कार पर लिपस्टिक के निशान उसने खुद नहीं बनाए थे। कार को खड़ा करने के बाद उसकी एक दोस्त ने कार की बॉडी पर किस किए थे। इसके बाद इन निशानों का वीडियो बनाया गया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया।
उसके मुताबिक कार पर करीब 3400 किसिंग मार्क बनाने में लगभग साढ़े तीन घंटे लगे। पूरी कवायद का मकसद सोशल मीडिया पर कुछ अलग तरह की रील बनाना और उसे ज्यादा से ज्यादा वायरल करना था।
पुलिस ने कार मालिक को दी चेतावनी
पुलिस के सामने कार मालिक ने अपनी गलती स्वीकार की और कहा कि वह भविष्य में दोबारा ऐसी गलती नहीं करेगा। इसके बाद कार की बॉडी पर लगे सभी लिपस्टिक के निशानों को पानी से साफ कराया गया।
यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को चेतावनी भी दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करना वाहन चालक के साथ-साथ सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों के लिए भी परेशानी पैदा कर सकता है।
फिलहाल इस पूरे मामले में कार मालिक पर 5500 रुपये का चालान किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई अनोखी ‘किसिंग कार’ की कहानी अब कार्रवाई के बाद चर्चा में है।
Akhil Mahajan