हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड SI ने बरसाईं गोलियां, ग्रामीणों ने छीनी गन-मैगजीन; जमीन विवाद में महिलाओं समेत 8 घायल
कैथल में जमीन विवाद के दौरान रिटायर्ड SI गगननाथ ने लाइसेंसी गन से फायरिंग की। ग्रामीणों ने गन-मैगजीन छीनी, दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हुए।
➤ जमीन विवाद में रिटायर्ड SI ने लाइसेंसी गन से 3-4 राउंड फायरिंग की
➤ ग्रामीणों ने गन और मैगजीन छीनी, दोनों पक्षों के चार-चार लोग घायल
➤ चार महिलाओं के सिर में चोट, गगननाथ पर आर्म्स एक्ट में केस होगा
कैथल। हरियाणा के कैथल में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर गगननाथ ने ग्रामीणों पर लाइसेंसी गन से फायरिंग कर दी। बताया गया है कि जमीन के पूरे पैसे नहीं दिए जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। मामला बढ़ने के बाद रिटायर्ड पुलिसकर्मी अपने साथियों के साथ खेत में पहुंचा और वहां दूसरे पक्ष के लोगों से मारपीट के बाद 3-4 राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने के बाद संतलाल पक्ष के लोग अपनी जान बचाने के लिए आसपास के खेतों में चले गए। कुछ देर बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर से उसकी गन और मैगजीन छीन ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और हथियार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
इस पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों के चार-चार लोगों को चोटें आई हैं। घायलों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए गुहला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
2024 में खरीदी थी एक एकड़ जमीन
जानकारी के अनुसार, कैथल के नागल गांव निवासी रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर गगननाथ ने वर्ष 2024 में गांव के ही संतलाल से एक एकड़ जमीन खरीदी थी। संतलाल पक्ष का आरोप है कि जमीन खरीदने के बाद गगननाथ ने जमीन की पूरी रकम नहीं दी। इसके बाद जमीन के कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ था।
संतलाल पक्ष का कहना है कि गगननाथ कई बार जमीन के पूरे पैसे देने का आश्वासन देता रहा, लेकिन करीब 2 साल बीत जाने के बाद भी रकम पूरी नहीं दी गई। इसी दौरान संतलाल किसी मामले में जेल में बंद था और कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।
जेल से बाहर आने के बाद संतलाल ने दोबारा गगननाथ से जमीन के बकाया पैसे मांगे। जब उसे पैसे नहीं मिले तो मंगलवार को वह अपने परिजनों के साथ खेत पर कब्जा लेने के लिए पहुंच गया। दूसरी तरफ गगननाथ भी कुछ लोगों के साथ पहले से खेत में मौजूद था।
खेत में पहुंचते ही दोनों पक्षों में कहासुनी
संतलाल और उसके परिजनों के खेत में पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। आरोप है कि इसी दौरान गगननाथ ने अपनी लाइसेंसी गन निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
गोली चलने के बाद संतलाल पक्ष के लोगों में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर के खेतों में घुसकर अपनी जान बचाने लगे। कुछ देर बाद गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने रिटायर्ड पुलिसकर्मी से गन और उसकी मैगजीन छीन ली।
घटना की जानकारी मिलते ही सीवन थाना पुलिस और एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गन और मैगजीन अपने कब्जे में ले ली और गगननाथ को पकड़कर थाने ले गई।
सिरसा से सब इंस्पेक्टर पद से रिटायर हुआ था गगननाथ
एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि गगननाथ सिरसा में सब इंस्पेक्टर के पद से रिटायर हुआ था। रिटायरमेंट के बाद वह अपने गांव नागल आ गया था। यहां उसका गांव के ही एक व्यक्ति के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
मुकेश कुमार के अनुसार, इस घटना में दोनों पक्षों के चार-चार लोगों को चोटें आई हैं। घायलों में चार महिलाएं भी शामिल हैं और सभी का गुहला के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आर्म्स एक्ट में दर्ज होगा मुकदमा
पुलिस ने गगननाथ को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गगननाथ के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद के दौरान फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों की क्या भूमिका रही।
Akhil Mahajan