हिसार में युवक पर फायरिंग,दुकान में छिपकर बचाई जान, 5 बदमाशों की तलाश

हिसार के भारत नगर में पांच बदमाशों ने युवक पर फायरिंग की। युवक ने दुकान में छिपकर जान बचाई। पुलिस तीन आरोपियों की पहचान और CCTV जांच में जुटी

हिसार में युवक पर  फायरिंग,दुकान में छिपकर बचाई जान, 5 बदमाशों की तलाश

दो बाइकों पर आए पांच बदमाशों ने युवक पर चलाई गोलियां

दुकान में छिपकर युवक ने बचाई जान, इलाके में दो जगह और फायरिंग

तीन आरोपियों की पहचान का दावा, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

हिसार में फायरिंग की घटना से दहशत फैल गई। भारत नगर में मुंह ढककर दो बाइकों पर आए पांच युवकों ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने टिब्बा दानाशेर गली नंबर 4 स्थित दुकान के पास खड़े एक युवक को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। युवक ने किसी तरह दुकान के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद आरोपी गाली-गलौच करते हुए मौके से फरार हो गए।

फायरिंग की इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने भरत नगर एरिया में दो और जगहों पर भी फायरिंग कर लोगों में डर पैदा किया। सूचना मिलने के बाद बारह क्वार्टर चौकी इंचार्ज राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए पूरे शहर में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है। चौकी इंचार्ज राकेश कुमार का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दुकान में छिपकर युवक ने बचाई जान

फायरिंग के दौरान मौके पर मौजूद युवक ने किसी तरह दुकान के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। युवक का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। अचानक हुए हमले के बाद वह घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए दुकान के अंदर चला गया।

घटना के बाद CIA और स्थानीय पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और गोली चलने वाली जगहों की जांच शुरू की। जिस स्थान पर फायरिंग हुई, वहां लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

फायरिंग के दौरान दुकान के ऊपर चौखाट पर भी गोली के निशान मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने काफी नजदीक से गोलियां चलाईं। हालांकि इस घटना में युवक बाल-बाल बच गया।

युवकों ने दो और जगह की फायरिंग

बताया जा रहा है कि मुख्य घटना के बाद युवकों ने इसी एरिया में दो और जगहों पर फायरिंग की। इससे इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल बन गया। अभी तक पुलिस में किसी ने भी इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अलग-अलग स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पांचों युवक किस दिशा से आए थे और फायरिंग के बाद किस रास्ते से फरार हुए।

तीन युवकों की पहचान होने का पुलिस का दावा

इस मामले में ASI सिराजुद्दीन का कहना है कि गोलियां चलाने वाले युवकों में से तीन की पहचान हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, पहले भी इन युवकों का आपस में बारह क्वार्टर एरिया में झगड़ा हुआ था।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके लिए पुलिस की टीमें बनाकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शी अरुण बोला- मारने के इरादे से आए थे

घटना के प्रत्यक्षदर्शी और पीड़ित अरुण कुमार ने बताया कि वह लिफ्ट ठीक करने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि सुबह करीब नौ बजे उनकी पत्नी घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान पांच बदमाश बाइकों पर वहां पहुंचे।

अरुण के मुताबिक, बदमाशों ने उनकी पत्नी के सिर पर बंदूक लगा दी। इसी दौरान उनके भाई ने ऊपर से आवाज लगाई तो बदमाशों ने उस पर फायर कर दिया। इसके बाद आरोपी गाली-गलौच करते हुए वहां से भाग गए।

अरुण ने बताया कि उन्हें ऐसा लगा कि आरोपी मारने के इरादे से आए थे। उन्होंने कहा कि गोली चलाने वालों में दो भाई हैं और बाकी अन्य लड़के हैं। अचानक हुई इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की पहचान के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी हैं। वहीं, एक ही इलाके में दो और जगह फायरिंग की बात सामने आने के बाद पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से जांच रही है।