कैथल में ट्रेन हादसों में दो युवकों की मौत

कैथल में दो अलग-अलग ट्रेन हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। एक मृतक की पहचान विक्रम के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान अभी नहीं हो पाई।

कैथल में ट्रेन हादसों में दो युवकों की मौत

कैथल में ट्रेन हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत

एक युवक की पहचान विक्रम के रूप में, दूसरा अब तक अज्ञात

दोनों शव रेलवे ट्रैक पर मिले, GRP जांच में जुटी


हरियाणा के कैथल जिले में ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों हादसे अलग-अलग स्थानों पर हुए। मृतकों की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। एक युवक की पहचान हो चुकी है, जबकि दूसरे की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

पहला हादसा बालाजी कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ। जानकारी के अनुसार गांधी नगर कैपिटल ट्रेन कैथल से गुजर रही थी। इसी दौरान एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला।

दूसरा हादसा करनाल रोड रेलवे फाटक से कुछ दूरी पर हुआ। यहां भी एक युवक ट्रेन की टक्कर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रेन के गार्ड ने दोनों हादसे देखने के बाद तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर कैथल को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।

जीआरपी जांच अधिकारी सीमा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि बालाजी कॉलोनी के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतक युवक की पहचान गांव दूबल निवासी 30 वर्षीय विक्रम के रूप में हुई है। वह दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था और रात को घर नहीं लौटा था। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

वहीं दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। जीआरपी टीम दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।