हरियाणा में असिस्टेंट रजिस्ट्रार-इंस्पेक्टर तीस हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

कैथल में पैक्स भर्ती में नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत लेते असिस्टेंट रजिस्ट्रार और इंस्पेक्टर को ACB ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पहले 70 हजार ले चुके थे।

हरियाणा में असिस्टेंट रजिस्ट्रार-इंस्पेक्टर तीस हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

■ एक लाख की मांग, 70 हजार पहले ही ले चुके थे
■ 30 हजार लेते समय ACB ने ट्रैप बिछाकर दबोचा
■ पहले भी 8-10 युवाओं से लाखों लेने के आरोप


हरियाणा के कैथल में नौकरी के नाम पर रिश्वत लेने का बड़ा मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कोऑपरेटिव सोसाइटी में तैनात असिस्टेंट रजिस्ट्रार (AR) और एक इंस्पेक्टर को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषि महाजन (असिस्टेंट रजिस्ट्रार) और जसबीर (इंस्पेक्टर) के रूप में हुई है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने पाड़ला पैक्स में नौकरी लगवाने के नाम पर एक लाख रुपए की मांग की थी।

गांव पाड़ला निवासी मांगेराम ने ACB को शिकायत दी थी कि उसके पोते अभिमन्यु को नौकरी दिलवाने के नाम पर आरोपियों ने एक लाख रुपए मांगे थे। शिकायत के अनुसार, वह पहले ही 70 हजार रुपए दे चुका था, लेकिन मांग लगातार बढ़ाई जा रही थी।

इसके बाद ACB ने योजना बनाकर मांगेराम को 30 हजार रुपए देकर AR को सौंपने के लिए भेजा। जैसे ही पैसे दिए गए, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने इससे पहले भी 8 से 10 युवाओं को नौकरी दिलवाने के नाम पर 2 से 3 लाख रुपए तक लिए थे। इन आरोपों की भी जांच की जा रही है।

ACB इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि दोनों से पूछताछ जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में कोई अन्य अधिकारी भी शामिल था। नौकरी के नाम पर रिश्वतखोरी का यह मामला प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।