हरियाणा में ₹250 करोड़ रोककर हरवाया चुनाव? पूर्व मंत्री का बड़ा दावा
भिवानी में पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने आरोप लगाया कि किसानों का ₹250 करोड़ बीमा क्लेम जानबूझकर रोका गया, जिससे चुनाव प्रभावित हुआ। उन्होंने मामले की जांच की मांग भी की।
पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने ₹250 करोड़ का बीमा क्लेम रोकने को साजिश बताया
दावा किया कि किसानों का पैसा रोककर उनके चुनाव को प्रभावित किया गया
कहा- कंपनी ने हाईकोर्ट से केस वापस लिया, जल्द किसानों के खातों में पहुंचेगी राशि
हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने भिवानी में बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए आरोप लगाया कि किसानों का करीब ₹250 करोड़ का बीमा क्लेम जानबूझकर रोका गया। उनका कहना है कि इस फैसले के पीछे अधिकारियों या अन्य लोगों की साजिश थी, जिससे किसानों को नुकसान हुआ और उनके चुनाव पर भी असर पड़ा।
भिवानी के सेक्टर-13 स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए जेपी दलाल ने कहा कि 2023 खरीफ और रबी फसल का बीमा क्लेम लंबे समय से विवाद में था। कुल करीब ₹350 करोड़ का बीमा क्लेम मंजूर हुआ था, जिसमें से करीब ₹100 करोड़ किसानों को मिल चुका था, लेकिन बाकी ₹250 करोड़ देने से बीमा कंपनी ने इनकार कर दिया था।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर किसान लगातार धरने पर बैठे रहे और उन्होंने स्वयं भी किसानों की ओर से पैरवी की। दलाल ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार ने मामले का संज्ञान लिया। बीमा कंपनी इस मामले को लेकर हाईकोर्ट पहुंची थी, लेकिन सरकार के दबाव के बाद कंपनी ने अपना केस वापस ले लिया। अब किसानों के खातों में रुकी हुई राशि जल्द ट्रांसफर कर दी जाएगी।
'पैसा रोककर मेरा चुनाव हरवाया गया'
जेपी दलाल ने आरोप लगाया कि यदि उस समय पूरा ₹350 करोड़ किसानों के खातों में पहुंच जाता तो इसका सीधा असर चुनाव पर पड़ता। उन्होंने दावा किया कि बीमा क्लेम रोककर उनके चुनाव को प्रभावित किया गया और इसी कारण वे करीब 700 वोटों से चुनाव हार गए।
उन्होंने कहा कि उन्हें संदेह है कि इस पूरे मामले में किसी अधिकारी या अन्य व्यक्ति की गहरी साजिश थी। वह इस पूरे प्रकरण की जांच कराने का प्रयास करेंगे ताकि यह सामने आ सके कि किसानों का पैसा आखिर किसके कहने पर रोका गया।
लोहारू के किसानों को मिलेगा सबसे ज्यादा लाभ
पूर्व मंत्री ने बताया कि बीमा क्लेम का सबसे बड़ा हिस्सा लोहारू विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा था। कुल ₹350 करोड़ के क्लेम में से केवल ₹100 करोड़ जारी किए गए थे, जबकि बाकी ₹250 करोड़ अब किसानों को मिलने वाले हैं। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और खेती को भी राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने सिवानी दौरे के दौरान स्पष्ट कहा था कि यदि कंपनी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी तो भुगतान नहीं होगा। इसके बाद सरकार के हस्तक्षेप से कंपनी ने हाईकोर्ट से अपना केस वापस ले लिया।
एक सप्ताह में राशि मिलने की उम्मीद
जेपी दलाल ने दावा किया कि अब भुगतान में किसी तरह की बाधा नहीं है। बीमा कंपनी केस वापस ले चुकी है और अगले एक सप्ताह से दस दिन के भीतर किसानों के खातों में पैसा पहुंच सकता है।
उन्होंने कहा कि यदि यह राशि चुनाव से पहले जारी हो जाती तो चुनाव परिणाम अलग हो सकते थे। उन्होंने मांग की कि उस अधिकारी की भूमिका की जांच होनी चाहिए, जिसकी वजह से किसानों का बीमा क्लेम समय पर जारी नहीं हुआ।
pooja