जयराम ठाकुर का CM सुक्खू पर बड़ा हमला, वीरभद्र सिंह का किया जिक्र

मंडी में जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार, षड्यंत्र और हिमकेयर योजना को बदनाम करने के आरोप लगाए और सत्ता परिवर्तन के बाद बड़े खुलासों का दावा किया।

जयराम ठाकुर का CM सुक्खू पर बड़ा हमला, वीरभद्र सिंह का किया जिक्र

जयराम ठाकुर का CM सुक्खू पर तीखा हमला, वीरभद्र सिंह का किया जिक्र
बोले- सुक्खू झूठ और षड्यंत्र की राजनीति में माहिर
सत्ता परिवर्तन के बाद बड़े नाम बेनकाब होने का दावा



हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा जुबानी हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू झूठ बोलने, षड्यंत्र रचने और साजिश करने में माहिर हैं। उन्होंने कहा कि यह बात खुद प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह भी कहा करते थे कि सुक्खू षड्यंत्र और साजिश के अलावा कुछ नहीं कर सकते। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि आज कांग्रेस पार्टी के कई नेता भी मुख्यमंत्री से नाराज हैं और मानते हैं कि उनकी वजह से नहीं, बल्कि किसी और के योगदान से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है।

जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही सत्ता परिवर्तन होगा, भ्रष्टाचार की परतें खुलेंगी और कई बड़े नाम बेनकाब होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है और झूठी जानकारी देकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

हिमकेयर योजना को लेकर भी जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना के तहत किसी भी पुरुष की बच्चेदानी का ऑपरेशन नहीं हुआ है और मुख्यमंत्री इस मामले में झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का इलाज और ऑपरेशन हुआ है, उसकी पूरी जानकारी सरकार के पास मौजूद है और सरकार चाहे तो घर-घर जाकर इसकी जांच कर सकती है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पूर्व सरकार की हिमकेयर योजना को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने हिमकेयर के तहत विभिन्न बीमारियों के इलाज के लिए पैकेज तय किए थे और उसी पैकेज का हवाला देकर योजना को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर विशेषज्ञ और विधायक भी सदन में पूरी जानकारी दे चुके हैं, लेकिन सरकार राजनीतिक कारणों से योजना को विवादों में ला रही है।