धर्मशाला में 13 जून को भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज का पहला मुकाबला,दोनों टीमें पहुंची
धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में 13 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम पहुंच चुकी है और तैयारियां शुरू हो गई हैं।
धर्मशाला में 13 जून को भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज का पहला मुकाबला
भारतीय टीम धर्मशाला पहुंची, अफगानिस्तान टीम आज शाम पहुंचेगी
HPCA स्टेडियम में मैच से पर्यटन और स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत शहर धर्मशाला में क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर चरम पर पहुंचने वाला है। विश्व प्रसिद्ध HPCA स्टेडियम में 13 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। धौलाधार पर्वतमाला की बर्फ से ढकी चोटियों के बीच स्थित इस स्टेडियम में मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
सीरीज के पहले मुकाबले के लिए भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार को धर्मशाला पहुंच चुकी है। टीम के खिलाड़ी जल्द ही मैदान पर अभ्यास सत्र में हिस्सा लेकर पिच और मौसम की परिस्थितियों का जायजा लेंगे। भारतीय टीम के आगमन के बाद स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
वहीं अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के भी गुरुवार शाम तक धर्मशाला पहुंचने की उम्मीद है। दोनों टीमों के पहुंचने के बाद अभ्यास सत्र शुरू होंगे और खिलाड़ी पहले मुकाबले की तैयारियों में जुट जाएंगे।
भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जाने वाली यह तीन मैचों की वनडे सीरीज 13 जून से शुरू होगी। पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और तीसरा मुकाबला क्रमशः लखनऊ और चेन्नई में आयोजित किया जाएगा।
यह सीरीज भारतीय टीम के लिए 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। टीम प्रबंधन इस दौरान युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन को परखने की कोशिश करेगा। साथ ही कई खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी चयनकर्ताओं की नजर रहेगी।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं, जिससे टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है। हालांकि स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के कारण इस सीरीज से बाहर रह सकते हैं।
मैच को लेकर धर्मशाला के होटल कारोबारियों, टैक्सी ऑपरेटरों और स्थानीय व्यापारियों में भी उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसकों के धर्मशाला पहुंचने की संभावना है, जिससे पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
धौलाधार की वादियों में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों के लिए ही नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के पर्यटन उद्योग के लिए भी खास माना जा रहा है।
pooja