भारत अंडर-19 ने रचा इतिहास, इंग्लैंड को हराकर छठी बार विश्व कप जीता

भारतीय अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को हराकर छठी बार विश्व कप का खिताब जीत लिया। पूरे टूर्नामेंट में भारत अजेय रहा और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

भारत अंडर-19 ने रचा इतिहास, इंग्लैंड को हराकर छठी बार विश्व कप जीता

फाइनल में इंग्लैंड पर शानदार जीत, भारत बना चैंपियन
पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही आयुष म्हात्रे की टीम
वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे और अभिज्ञान कुंडू रहे टूर्नामेंट के हीरो


भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर दुनिया में अपना दबदबा साबित करते हुए इंग्लैंड को फाइनल मुकाबले में हराकर छठी बार अंडर-19 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। कप्तान आयुष म्हात्रे की अगुआई में भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार और आक्रामक क्रिकेट खेला और एक भी मुकाबला नहीं गंवाया।

ग्रुप चरण से लेकर फाइनल तक भारतीय टीम पूरी तरह हावी नजर आई। फाइनल मुकाबले में भी भारत ने इंग्लैंड को कोई मौका नहीं दिया और हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 क्रिकेट में अपनी बादशाहत को और मजबूत कर लिया।

पूरे टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी, कप्तान आयुष म्हात्रे और अभिज्ञान कुंडू ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में इन खिलाड़ियों ने टीम को कई अहम मौकों पर संभाला और जीत की राह आसान की। फाइनल मुकाबले में भी भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और संयम साफ नजर आया।

भारत का अंडर-19 विश्व कप में प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा है। टीम अब तक खेले गए 16 अंडर-19 विश्व कप में 10 बार फाइनल में पहुंच चुकी है, जो किसी भी देश से सबसे ज्यादा है। भारत ने लगातार छठी बार फाइनल में जगह बनाई और 2016, 2018, 2020, 2022, 2024 और 2026 में खिताबी मुकाबला खेला। इस मामले में ऑस्ट्रेलिया भी भारत से पीछे है, जिसने छह बार फाइनल खेलते हुए चार बार खिताब जीता है।

इस टूर्नामेंट में भारत ने एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया। सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ भारत ने अंडर-19 विश्व कप का सबसे बड़ा रन चेज सफलतापूर्वक पूरा किया।
अफगानिस्तान ने 50 ओवर में चार विकेट पर 310 रन बनाए थे। जवाब में आरोन जॉर्ज के शतक, वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने 41.1 ओवर में तीन विकेट खोकर 311 रन बना लिए।
इस जीत के साथ भारत ने न्यूजीलैंड का 2006 का 305 रन का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 20 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त कर दिया।