हरियाणा में आवासीय से लेकर होटल तक संपत्ति घर बैठे खरीदने का मौका, जानें HSVP की ई-नीलामी....

हरियाणा में HSVP की पहली ई-नीलामी 28 जनवरी से शुरू होगी। आवासीय, दुकान, अस्पताल और होटल समेत कई संपत्तियों पर ऑनलाइन बोली लगेगी।

हरियाणा में आवासीय से लेकर होटल तक संपत्ति घर बैठे खरीदने का मौका, जानें HSVP की ई-नीलामी....
  • HSVP की साल की पहली ई-नीलामी 28 जनवरी से शुरू
  • आवासीय, दुकान, अस्पताल और होटल समेत कई संपत्तियां होंगी शामिल
  • बड़ी संपत्तियों के लिए दो बयाना राशि जमा करना अनिवार्य


हरियाणा में घर बैठे आवास और दुकान खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) इस महीने के अंत में साल 2026 की पहली बड़ी ई-नीलामी आयोजित करने जा रहा है। इस ई-नीलामी में आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत संपत्तियों के लिए ऑनलाइन बोली लगाई जा सकेगी।

HSVP के अनुसार, ई-नीलामी को अलग-अलग जोन और श्रेणियों में विभाजित किया गया है। 28 जनवरी को सभी जोन में आवासीय और वाणिज्यिक वरीयता प्राप्त भूखंडों के साथ-साथ नर्सिंग होम, क्लिनिक और स्कूलों के लिए बोली लगेगी।

29 जनवरी को गुरुग्राम और रोहतक जोन में सामान्य आवासीय और वाणिज्यिक भूखंडों की नीलामी की जाएगी। इसके बाद 30 जनवरी को फरीदाबाद, हिसार और पंचकूला जोन में सामान्य श्रेणी के आवासीय और वाणिज्यिक भूखंड ई-नीलामी के माध्यम से पेश किए जाएंगे।

ई-नीलामी का अंतिम दिन 31 जनवरी होगा। इस दिन अस्पताल, होटल, संस्थान और बहुमंजिला इमारतों जैसी प्रमुख और बड़ी संपत्तियों की नीलामी की जाएगी।

HSVP ने इस बार ई-नीलामी के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव भी किया है। प्रवक्ता के अनुसार, 19 सितंबर 2025 को ई-नीलामी नीति के खंड-4 में किए गए संशोधन के तहत अब होटल, अस्पताल और बहुमंजिला इमारतों जैसी बड़ी संपत्तियों के लिए कम से कम दो बयाना राशि (EMD) जमा करना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना दो EMD के इन संपत्तियों की नीलामी में हिस्सा नहीं लिया जा सकेगा।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सभी ई-नीलामी सुबह 10 बजे से ऑनलाइन पोर्टल पर शुरू होंगी। नीलामी से जुड़ी सभी शर्तें और नियम HSVP की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।

यदि किसी इच्छुक खरीदार को नीलामी प्रक्रिया या भूखंडों के विवरण से जुड़ी जानकारी चाहिए, तो वे HSVP की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 1800-180-3030 पर संपर्क कर सकते हैं।