HP बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी, 88.87% छात्र हुए पास
हिमाचल प्रदेश बोर्ड ने 10वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार 88.87 फीसदी छात्र पास हुए हैं, जबकि कांगड़ा की अनमोल ने 699 अंक लेकर टॉप किया।
HP बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी, 88.87% छात्र पास
कांगड़ा की अनमोल ने 699 अंक लेकर किया टॉप
93 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने रविवार को 10वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। इस बार परीक्षा परिणाम 88.87 फीसदी रहा है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने धर्मशाला स्थित बोर्ड मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रिजल्ट जारी किया।
https://hpbose.org/result.aspx
इस वर्ष कुल 93,694 विद्यार्थियों ने 10वीं की परीक्षा दी थी। बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्रों ने सफलता हासिल की है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
इस बार कांगड़ा जिले की छात्रा अनमोल ने 699 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, दूसरे स्थान पर दो विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से जगह बनाई है।
दूसरे स्थान पर अभिनव मेहता और पूर्णिमा शर्मा रहे हैं। अभिनव मेहता गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल रापोह मिसरां ऊना के छात्र हैं, जबकि पूर्णिमा शर्मा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिलासपुर की छात्रा हैं। दोनों ने 698 अंक हासिल किए।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए अगले वर्ष से परीक्षा केंद्रों में ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य नकल पर पूरी तरह रोक लगाना है।
छात्रों को अपनी मूल मार्कशीट संबंधित स्कूलों से प्राप्त करनी होगी। मार्कशीट में छात्र का नाम, रोल नंबर, विषयवार अंक, थ्योरी और प्रैक्टिकल नंबर सहित अन्य जरूरी जानकारी दर्ज होगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में पास होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है। जो छात्र परीक्षा में सफल नहीं हो पाए हैं, उन्हें पूरक परीक्षा का अवसर दिया जाएगा।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई स्कूलों में विद्यार्थियों ने मिठाइयां बांटकर अपनी सफलता का जश्न मनाया।
pooja