हिसार में सरेआम सफाईकर्मियों की गुंडागर्दी, VIDEO: पूर्व मंत्री के घर के पास कचरा गाड़ी ड्राइवर को पीटा; पत्थर मारकर तोड़े शीशे
हिसार में सफाईकर्मियों पर कचरा गाड़ी ड्राइवर से मारपीट और गाड़ियों के शीशे तोड़ने का आरोप है। मलिक चौक की घटना CCTV में कैद हुई।
➤ हिसार में सफाईकर्मियों पर कचरा गाड़ी चालक से मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप
➤ मलिक चौक पर 15 बाइक से पहुंचे करीब 25 लोगों ने घेरा, शीशे तोड़े और कपड़े फाड़े
➤ सुए घोंपकर कचरा गाड़ियों के टायर पंचर किए, पुलिस ने जांच शुरू की
हिसार। शहर में सफाई कर्मचारी हड़ताल के बीच कचरा कलेक्शन को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने आई गाड़ियों के ड्राइवरों के साथ मारपीट की गई और कई गाड़ियों के पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए गए। इतना ही नहीं, कचरा कलेक्शन करने वाली गाड़ियों के टायरों में सुए घोंपकर पंचर करने की बात भी सामने आई है।
घटना से जुड़ा CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें हिसार के मलिक चौक के पास कचरा उठाने आई एक गाड़ी को कई लोग घेरते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह जगह पूर्व निकाय मंत्री डॉक्टर कमल गुप्ता के घर के पास बताई गई है। इसी दौरान नगर निगम प्रधान सुरेंद्र भी मौके पर आता है और कचरा उठाने वाली गाड़ी के ड्राइवर को धमकाता दिखाई देता है।
मलिक चौक पर कचरा गाड़ी को घेरकर ड्राइवर से मारपीट
घटना के संबंध में सामने आई जानकारी के अनुसार, कचरा उठाने वाली गाड़ी पारिजात चौक से निकलकर अपने निर्धारित रूट पर जा रही थी। ड्राइवर के अनुसार, उसका रूट इसी क्षेत्र का था। जब वह मलिक चौक के पास पहुंचा तो करीब 20 से 25 लोग वहां आए।
पीड़ित कर्मचारी ने शिकायत में बताया कि ये लोग करीब 15 बाइक पर सवार होकर आए थे। आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और कचरा गाड़ी को घेर लिया। इसके बाद गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए।
गाड़ी की खिड़की खोलकर नीचे उतारा, कपड़े फाड़े
पीड़ित कर्मचारी के मुताबिक, हमलावरों ने गाड़ी के ऊपर से हाथ डालकर उसकी खिड़की खोल दी। इसके बाद उसे नीचे उतारा गया और उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए।
उसने शिकायत में यह भी कहा कि उसे धमकी दी गई कि अगर उसने काम नहीं छोड़ा तो अच्छा नहीं होगा। इसके अलावा गाड़ी पर ईंट से हमला करने और उसका शीशा तोड़ने की बात भी शिकायत में कही गई है।
पीड़ित के अनुसार, हमलावर गाड़ी के डॉक्यूमेंट्स और चाबी भी छीनकर अपने साथ ले गए।
ऋषि नगर और सेक्टर 13 से भी गाड़ियों को नुकसान की तस्वीरें
मामला केवल मलिक चौक तक सीमित नहीं बताया जा रहा है। ऋषि नगर और सेक्टर 13 से भी कचरा कलेक्शन के लिए पहुंची गाड़ियों को नुकसान पहुंचाए जाने की तस्वीरें सामने आई हैं।
सेक्टर 13 मार्केट में कचरा उठाने पहुंची एक गाड़ी के टायर में सुए घोंपने के निशान दिखाई दे रहे हैं। इससे गाड़ी के टायर को पंचर करने की बात सामने आई है।
शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे निगम अधिकारी
घटना के बाद ड्राइवर ने पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद निगम अधिकारी अमित कौशिक सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज की जांच की। इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ी को थाने ले जाया गया।
बताया गया है कि मारपीट करने वाले सभी आरोपी कर्मी फरार हो गए हैं।
पीड़ित कर्मचारी ने सिविल अस्पताल में कराया MLR
मारपीट के बाद पीड़ित कर्मचारी सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां उसने MLR कटवाई। इसके बाद पुलिस को अपने बयान भी दर्ज करवाए।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं नगर निगम की टीम अलग-अलग जगहों पर हुई तोड़फोड़ और नुकसान का आकलन कर रही है। पूरे घटनाक्रम से पुलिस को अवगत करा दिया गया है।
CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
मलिक चौक पर हुई घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। सामने आए फुटेज में कचरा उठाने वाली गाड़ी को घेरकर ड्राइवर के साथ मारपीट किए जाने का घटनाक्रम दिखाई देता है। घटना के बाद निगम अधिकारी भी मलिक चौक पहुंचे और मौके पर बातचीत की।
मामले में अब पुलिस की जांच और पीड़ित कर्मचारी के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Akhil Mahajan