हिसार जीवन कुंडू हत्याकांड में 2 और आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड में पुलिस ने गजू पंडित समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा फरार है, 50 हजार का इनाम घोषित है।

हिसार जीवन कुंडू हत्याकांड में 2 और आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

13 अगस्त के अल्टीमेटम के आखिरी दिन गजू पंडित समेत दो आरोपी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी रमेश शर्मा पर 50 हजार का इनाम, अभी पुलिस की पकड़ से बाहर
जीवन की हत्या के मामले में अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार, 10 टीमें लगातार दबिश में


हिसार के बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खाप पंचायतों और किसान यूनियनों की ओर से पुलिस को दिए गए 13 अगस्त तक के अल्टीमेटम के आखिरी दिन हिसार पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हमलावर गजेंद्र उर्फ गजू पंडित निवासी भाटला और उसके साथी साहिल निवासी सिंघवा राघो को काबू किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह खुलासा नहीं किया है कि दोनों आरोपियों को कहां से पकड़ा गया। वहीं इस मामले का मुख्य आरोपी सूर्यनगर निवासी रमेश शर्मा अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। रमेश शर्मा पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिसार में जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर महापंचायत करते हुए किसान संगठन व खाप पंचायतें।

जीवन कुंडू की हत्या 4 अगस्त की सुबह हुई थी। घटना के बाद से ही मामले को लेकर हिसार में लगातार विरोध और कार्रवाई की मांग उठ रही थी। खाप पंचायतों और किसान संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 13 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया था। इसी समय सीमा के आखिरी दिन दो आरोपियों की गिरफ्तारी होने से पुलिस को मामले में अहम सफलता मिली है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी हिसार सिद्धांत जैन के मार्गदर्शन में 10 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। ये टीमें हरियाणा के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी लगातार छापेमारी कर रही थीं। पुलिस की ओर से अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

हिसार में चल रहे धरने पर राकेश टिकैत पहुंचे थे।

अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार

सूर्य नगर में हुए इस मामले में हिसार पुलिस अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 पुलिस टीमों को अलग-अलग राज्यों और संभावित ठिकानों पर भेजा गया है। पुलिस लगातार आरोपियों की गतिविधियों और उनके संभावित ठिकानों पर निगरानी रख रही है।

एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि मामले में वांछित सभी आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी आरोपी देश से बाहर भागकर कानून की कार्रवाई से बचने का प्रयास न कर सके। पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।

फरार आरोपियों पर 50 हजार का इनाम

जीवन कुंडू हत्याकांड के बाद से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हिसार पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। पुलिस की ओर से मामले में 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी रमेश शर्मा समेत अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।

पीड़ित पक्ष की सुरक्षा को भी पुलिस ने प्राथमिकता दी है। पीड़ित को व्यक्तिगत सुरक्षा उपलब्ध करवाई गई है और उसके निवास स्थान पर भी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई है। इसके अलावा पीड़ित परिवार की सहायता और पुनर्वास के उद्देश्य से रोजगार उपलब्ध करवाने के संबंध में आवेदन किया गया है।

महापंचायत और धरने से बढ़ा था दबाव

जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर हिसार में किसान संगठनों और खाप पंचायतों ने महापंचायत की थी। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना भी चल रहा था। इसी धरने पर राकेश टिकैत भी पहुंचे थे। महापंचायत में पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए समय सीमा दी गई थी। साथ ही टोल फ्री और सीएम के विरोध की चेतावनी भी दी गई थी।

इसी बीच पुलिस ने 13 अगस्त को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गजेंद्र उर्फ गजू पंडित और उसका साथी साहिल शामिल हैं। पुलिस ने अभी यह जानकारी सार्वजनिक नहीं की है कि दोनों को किस स्थान से गिरफ्तार किया गया।

4 अगस्त की सुबह हुआ था हमला

जीवन कुंडू की हत्या का मामला 4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे सामने आया था। सूर्यनगर इलाके में डेयरी संचालक जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस के करीब 10-12 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने जीवन को तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जीवन को परिजन पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत से पहले सामने आया था 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो

जीवन का मौत से पहले का 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया था। इस वीडियो में उसके दोनों पैरों पर गहरे चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। वीडियो में जीवन ने बताया था कि पड़ोसी रमेश और उसके साथ 15-20 युवक थे। उसने मोल्हड़ नाम के एक युवक का भी जिक्र किया था।

वीडियो में जीवन ने कहा था कि आरोपियों ने उसे पूरी तरह पीट दिया और उसकी टांग तोड़ दी। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर लोगों में आक्रोश और बढ़ गया था।

गोबर डालने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जीवन की डेयरी सूर्यनगर की गली नंबर-5 में थी। करीब डेढ़ महीने पहले उसका पड़ोसी रमेश से गोबर डालने को लेकर विवाद हुआ था। जीवन रोजाना गोबर लेकर रेलवे लाइन के पास डालने जाता था। इसी बात को लेकर रमेश से उसका विवाद हुआ था।

इसके बाद कुछ दिन पहले जीवन अपनी डेयरी में खोर (हौद) बनवा रहा था। इस दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई और रमेश पक्ष के लोगों ने जीवन की पत्नी अमन पर बरछी से हमला कर दिया था।

इस मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद 4 अगस्त की सुबह जीवन पर हुए हमले और उसकी मौत ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया। अब पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी रमेश शर्मा समेत अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।