हाईटेंशन तार बाइक पर गिरा, तीन युवकों की मौके पर मौत

हिसार में बारिश के बीच हाईटेंशन तार बाइक पर गिरने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। चौथा युवक बाइक से कूदकर बच गया। ग्रामीणों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया।

हाईटेंशन तार बाइक पर गिरा, तीन युवकों की मौके पर मौत
  • हिसार में हाईटेंशन तार बाइक पर गिरा, तीन युवकों की मौके पर मौत

  • गोगामेड़ी से दर्शन कर लौट रहे थे युवक, एक साथी चलती बाइक से कूदकर बचा

  • ग्रामीणों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया



हरियाणा के हिसार में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के बीच 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार अचानक टूटकर बाइक पर गिर गया। बाइक पर सवार चार युवकों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक चलती बाइक से कूदकर जान बचाने में सफल रहा।

यह घटना मिर्जापुर रोड स्थित दर्शना एकेडमी के सामने हुई। मृतकों की पहचान बंटी (गांव सुलखनी), राजकुमार उर्फ राजू (गांव संदलाना) और अमित (गांव संदलाना) के रूप में हुई है। तीनों के शवों को हिसार सिविल अस्पताल में रखा गया है।

तीनों युवक राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गोगामेड़ी से दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे। सोमवार रात वे बधावड़ गांव में रुके और मंगलवार सुबह घर की ओर निकले। इस दौरान बधावड़ गांव का शमशेर भी बाइक पर उनके साथ हो लिया। सुबह करीब 10:30 बजे, जैसे ही चारों मिर्जापुर रोड पहुंचे, तभी हाईटेंशन लाइन का तार उनके ऊपर गिर गया। करंट का अहसास होते ही शमशेर बाइक से कूद गया और बच गया, लेकिन तीनों युवक उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान

प्रत्यक्षदर्शी कपूर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पावर हाउस को फोन कर सप्लाई बंद करने की मांग की, लेकिन करीब आधे घंटे बाद बिजली काटी गई। तब तक तीनों युवक दम तोड़ चुके थे।

ग्रामीणों का आरोप

गांव के लोगों ने बिजली निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगर समय पर सप्लाई बंद की जाती तो शायद तीनों की जान बच सकती थी। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली निगम अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।