‘हनुमान अंश’ इस राज्य में हुई टैक्स फ्री ; बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ के पार कमाई
‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री किया गया। CM पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म देखी। फिल्म की इंडिया नेट कमाई 82.88 करोड़ रुपये पहुंची।
➤ ‘हनुमान अंश’ की कमाई 80 करोड़ के पार, दर्शकों के बीच बढ़ी डिमांड
➤ उत्तराखंड CM पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री करने का किया ऐलान
➤ CM धामी ने पत्नी और मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ सिनेमाघर में देखी फिल्म
देहरादून। फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। फिल्म को दर्शकों की ओर से अच्छा खासा रिस्पांस मिल रहा है और इसकी डिमांड भी तेजी से बढ़ी है। खास बात यह है कि जिस फिल्म को शुरुआत में न तो ठीक से स्क्रीन स्पेस मिला और न ही ओटीटी डील, वही अब बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।
फिल्म को लेकर शुरुआत में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की ओर से भी उत्साह नहीं दिखाया गया था। कई प्लेटफॉर्म्स ने इसकी ओटीटी डील ठुकरा दी थी। इसके बावजूद फिल्म ने कमाई के मामले में लंबा सफर तय किया और अब दर्शकों के बीच इसकी मांग लगातार बढ़ती जा रही है।
इसी बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म के दर्शकों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया है।
CM पुष्कर सिंह धामी ने पत्नी और मंत्रियों के साथ देखी फिल्म
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार शाम एक सिनेमा हॉल में फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी गीता धामी, मंत्रिमंडल के सहयोगी गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा तथा कुछ विधायक भी मौजूद रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने इसे उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए फिल्म की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला इसी महत्व को देखते हुए लिया गया है।
बाबा नीम करौली महाराज के संदेश का भी किया जिक्र
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने बाबा नीम करौली महाराज के जीवन को भारत की संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन समाज को सदैव सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का बाबा नीम करौली महाराज का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने यह भी कहा कि कैंची धाम आज दुनियाभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड
फिल्म को टैक्स फ्री करने के ऐलान के साथ उत्तराखंड पहला राज्य बन गया है, जिसने ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री करने की घोषणा की है।
इससे पहले फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी चल रही थी। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे थे कि ‘120 बहादुर’ जैसी कई फिल्मों को टैक्स फ्री किया गया, तो ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री क्यों नहीं किया जा रहा है।
इसी बहस के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से फिल्म को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया गया। इस पहल को फिल्म से जुड़े लोगों और दर्शकों की ओर से सराहनीय बताया जा रहा है।
बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ के पार पहुंची ‘हनुमान अंश’ की कमाई
वहीं, फिल्म की बॉक्स ऑफिस कमाई की बात करें तो सैकनिल्क के अनुसार, विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है।
फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 82.88 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
फिल्म ने पहले हफ्ते में 1.08 करोड़ रुपये, दूसरे हफ्ते में 40 लाख रुपये, तीसरे हफ्ते में 10.40 करोड़ रुपये और चौथे हफ्ते में 61 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। फिल्म की कमाई हर दिन बढ़ रही है।
शुरुआत में स्क्रीन स्पेस और ओटीटी डील को लेकर मुश्किलों का सामना करने वाली यह फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन कर रही है। दर्शकों की बढ़ती डिमांड के बीच फिल्म को लेकर चर्चा भी तेज हो गई है।
अब फिल्म को 11 सितंबर को ग्लोबली रिलीज किया जाएगा। ऐसे में ग्लोबल रिलीज के बाद फिल्म की कमाई और दर्शकों की पहुंच में और बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही है।
Akhil Mahajan