हरियाणा दिल्ली का दाऊद इब्राहिम कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी
हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। NIA की सूचना के बाद कार्रवाई हुई और अब उसे भारत लाने की तैयारी शुरू है।
➤ अमेरिका में गुरुवार देर शाम गिरफ्तार हुआ हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ
➤ हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में 30 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज होने का दावा
➤ NIA की तकनीकी निगरानी के बाद अमेरिकी एजेंसियों को लोकेशन मिली, अब भारत लाने की तैयारी
हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। अमेरिकन पुलिस ने गुरुवार देर शाम उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद अब उसे भारत लाने की तैयारी शुरू हो गई है। हिमांशु भाऊ पर हरियाणा, दिल्ली समेत कई राज्यों में मर्डर, हत्या की कोशिश, रंगदारी और हथियारों की तस्करी जैसे करीब 30 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं।
जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर हिमांशु भाऊ की लोकेशन को लेकर जानकारी पुख्ता की। इसके बाद उसकी लोकेशन अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा की गई। अमेरिकी एजेंसियों की कार्रवाई के बाद गुरुवार देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने की प्रक्रिया की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
हरियाणा पुलिस के मुताबिक, 24 वर्षीय हिमांशु भाऊ ने महज 17 साल की उम्र में ही अपराध की दुनिया में कदम रख दिया था। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2019 तक वह एक सामान्य छात्र था। पढ़ाई के दौरान ही उसने रोहतक की सब्जी मंडी इलाके में जबरन वसूली के लिए फायरिंग कर दी थी। इस मामले में उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। उस समय उसकी उम्र महज 17 साल थी।
इसके बाद उसे हिसार के सुधार गृह भेज दिया गया। बताया जाता है कि वहां से वह 20 लड़कों के साथ फरार हो गया। इसके बाद वह दोबारा पुलिस के हाथ नहीं आया। फरारी के दौरान उसका नाम लगातार आपराधिक गतिविधियों से जुड़ता चला गया और धीरे-धीरे उसकी पहचान एक कुख्यात गैंगस्टर के तौर पर बनने लगी।
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में उसके अपने गांव के बचपन के दोस्त अंकित उर्फ बाबा से उसकी दुश्मनी हुई। गांव में हत्याएं होने के बाद उसने अपना ठिकाना झज्जर और फिर दिल्ली बना लिया। इसी दौरान उसकी मुलाकात गैंगस्टर नीरज बवाना से हुई। इसके बाद हिमांशु भाऊ का आपराधिक नेटवर्क लगातार बढ़ता गया।
उस पर इसके बाद हत्या, रंगदारी और फायरिंग कराने से जुड़े मामले लगातार दर्ज होते चले गए। हरियाणा का यह युवक अपराध की दुनिया में ‘भाऊ’ नाम से पहचाना जाने लगा। दिल्ली और आसपास के इलाकों में उसे ‘दाऊद इब्राहिम’ भी कहा जाता है।
हिमांशु भाऊ को लेकर हरियाणा और दिल्ली पुलिस लंबे समय से कार्रवाई कर रही थी। हरियाणा पुलिस ने उस पर 2.5 लाख रुपये, जबकि दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। इसके अलावा उसकी लॉरेंस और गोल्डी बराड़ गैंग से दुश्मनी मानी जाती है।
अमेरिका में गिरफ्तारी के बाद अब सबसे बड़ा घटनाक्रम उसे भारत वापस लाने की प्रक्रिया से जुड़ा है। भारतीय एजेंसियों की कार्रवाई और अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग के बाद अब आगे की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।
Akhil Mahajan