हरियाणा में दो दिन बारिश का दौर, उत्तरी हिस्सों में फिर एक्टिव होगा मानसून; कई जिलों में जलभराव

हरियाणा में दो दिन हल्की बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है। उत्तरी हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय होगा, कई जिलों में जलभराव हुआ।

हरियाणा में दो दिन बारिश का दौर, उत्तरी हिस्सों में फिर एक्टिव होगा मानसून; कई जिलों में जलभराव

दो दिन हल्की बारिश, कुछ स्थानों पर तेज बारिश के आसार
उत्तरी हरियाणा में मानसून फिर थोड़ा एक्टिव होने की संभावना
भिवानी में 46.5 एमएम, करनाल में 27.5 एमएम बारिश दर्ज


हरियाणा में मौसम को लेकर अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है। इसके बाद उत्तरी हरियाणा में मानसून थोड़ा एक्टिव होने की संभावना है। हालांकि, बाकी हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा।

गुरुग्राम में भी दोपहर को झमाझम बारिश हुई।

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई है। सबसे ज्यादा बारिश भिवानी में 46.5 एमएम दर्ज की गई। इसके बाद करनाल में 27.5 एमएम, अंबाला में 26.7 एमएम और कैथल में 21.0 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा सोनीपत में 19.5 एमएम, पंचकूला में 18.5 एमएम और बालसमंद-हिसार में 15.5 एमएम बारिश हुई। पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर, सिरसा, हिसार, फरीदाबाद, गुरुग्राम और भिवानी में भी बादल बरसे। बारिश के कारण सोनीपत समेत कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।

फरीदाबाद में दोपहर में हुई बारिश से बचने के लिए भागकर जाते युवक।

चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार अब मानसून की रफ्तार पर आज थोड़ा ब्रेक लगता दिखाई दे रहा है। प्रदेश में मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ रही हैं। पिछले दिनों पंजाब और राजस्थान पर बने चक्रवातीय सर्कुलेशन के कारण बारिश की संभावना बनी थी।

बारिश के इस दौर के बीच प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी 1.4°C की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है।

सोनीपत में तेज बारिश में जलभराव के बीच से गुजरती स्कूली बस।

आने वाले दो दिनों में हल्की बारिश और कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की संभावना के बाद उत्तरी हरियाणा में मानसून की सक्रियता बढ़ सकती है। वहीं, प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम परिवर्तनशील बना रहने की संभावना है।