हरियाणा में बदला मौसम, सिरसा-झज्जर में बारिश से गर्मी से राहत

हरियाणा के कई जिलों में मौसम बदला। सिरसा और झज्जर में बारिश हुई, जबकि रोहतक सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग ने अगले चार दिन लू का अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा में बदला मौसम, सिरसा-झज्जर में बारिश से गर्मी से राहत

हरियाणा के कई जिलों में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदला, सिरसा-झज्जर में बारिश हुई

रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज

अगले 4 दिन लू का असर जारी रहने के आसार, 28 मई को बूंदाबांदी की संभावना

सिरसा जिले के रानिया क्षेत्र के गांव नथोर में बारिश। - Dainik Bhaskar

हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच शनिवार सुबह कई जिलों में मौसम ने करवट ली। सिरसा और झज्जर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली। सिरसा के डबवाली और कई ग्रामीण इलाकों में बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं झज्जर के कई गांवों में भी मौसम बदला नजर आया।

सिरसा के डबवाली में तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी।

फतेहाबाद में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि फरीदाबाद और महेंद्रगढ़ में सुबह से बादल छाए रहे। तेज हवाओं के कारण मौसम में हल्का बदलाव महसूस किया गया, लेकिन गर्मी का असर अभी भी बरकरार है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में लू और गर्म हवाओं का असर जारी रहने की संभावना जताई है।

शुक्रवार को रोहतक हरियाणा का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं फरीदाबाद के बोपानी क्षेत्र में पारा 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा।

सिरसा जिले के गांव सादेवाला में बारिश।

प्रदेश के कई जिलों में लू का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और रेवाड़ी में दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोग घरों में रहने को मजबूर हुए।

फतेहाबाद में बूंदाबांदी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार 23 से 27 मई तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।

फरीदाबाद में बादल छाए हुए है।

विभाग ने 28 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के आसार जताए हैं। वहीं शनिवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, मेवात, रोहतक, सोनीपत, सिरसा, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी समेत कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।