हरियाणा के 18 जिलों में बारिश,तापमान 3.2°C गिरा, 19 सितंबर से मौसम साफ

हरियाणा में मानसून सक्रिय होने से 18 जिलों में बारिश के आसार हैं। अधिकतम तापमान 3.2°C गिरा, जबकि 19 सितंबर से मौसम साफ होने की संभावना है।

हरियाणा के 18 जिलों में बारिश,तापमान 3.2°C गिरा, 19 सितंबर से मौसम साफ

हरियाणा के 18 जिलों में बारिश के आसार, गर्मी और उमस से राहत
बारिश से अधिकतम तापमान में 3.2°C और न्यूनतम में 2.4°C की गिरावट
19 सितंबर से मानसून की गतिविधियां घटेंगी, मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना

हरियाणा में मानसून की सक्रियता के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) और चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के अनुसार, आज भी राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मानसून ट्रफ रेखा के राज्य के करीब आने से मानसून एक बार फिर सक्रिय हुआ है। आज प्रदेश के 18 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद महेंद्रगढ़, नूंह, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, और पलवल में कई स्थानों पर गर्जन-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत और सोनीपत में मौसम मुख्य रूप से शुष्क से आंशिक परिवर्तनशील रह सकता है।

फतेहाबाद में बिजली गिरने से मकान की छत ढही, नन्हीं देवी की मौत

एक दिन पहले हुई बारिश के दौरान प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मौसम के असर की तस्वीरें भी सामने आईं। फतेहाबाद के गांव खजूरी जाटी में बिजली गिरने से मकान की छत ढह गई। मलबे में दबकर नन्हीं देवी की मौत हो गई।

वहीं हिसार में बारिश के बाद मंडी के बाहर सड़कों पर मूंगफली बहती नजर आई। शहर में श्मशान घाट के रास्ते में भी पानी भर गया। इस दौरान जलभराव के बीच से ही मोक्ष वाहन गुजरता दिखाई दिया।

17 सितंबर को हिसार में सबसे ज्यादा 64.2 mm बारिश

हरियाणा में एक दिन पहले 17 सितंबर को प्रदेश के कई इलाकों में तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा बारिश हिसार जिले में दर्ज की गई।

हिसार में 64.2 mm, जींद में 40.5 mm, सिरसा में 31.5 mm, पानीपत में 22.5 mm, यमुनानगर में 19.0 mm, नूंह में 14.5 mm, फतेहाबाद में 13.0 mm, भिवानी में 12.0 mm, सोनीपत में 11.5 mm, कैथल में 5.0 mm और करनाल में 8.0 mm बारिश रिकॉर्ड की गई है।

अधिकतम तापमान में 3.2°C की गिरावट, हिसार में सबसे ज्यादा 7.5°C कम हुआ तापमान

बारिश और ठंडी हवाओं के चलने से पूरे प्रदेश में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। औसतन अधिकतम तापमान में 3.2°C की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

हिसार में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 7.5°C की गिरावट आई और यह 30.9°C दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान नूंह में 34.6°C दर्ज किया गया।

वहीं औसतन न्यूनतम तापमान में 2.4°C की गिरावट आई, जो सामान्य से 1.8°C कम रहा। पूरे राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान हिसार में 20.5°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.4°C कम रहा।

18 सितंबर तक बारिश के आसार, 19 सितंबर से घटेगी मानसून की सक्रियता

कृषि मौसम विज्ञान विभाग (HAU हिसार) के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 18 सितंबर तक राज्य में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान ज्यादातर स्थानों पर हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।

उन्होंने बताया कि 19 सितंबर से मानसून की गतिविधियों में कमी आने और मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है। यानी अगले एक दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि इसके बाद मौसम में सुधार शुरू होने की संभावना है।