सुपर-100 लेवल-2 परीक्षा का शेड्यूल जारी, 19 अप्रैल से एग्जाम 5 अप्रैल से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
हरियाणा सुपर-100 योजना के तहत लेवल-2 परीक्षा का शेड्यूल जारी हुआ है। 5 अप्रैल से एडमिट कार्ड डाउनलोड होंगे और 19 से 27 अप्रैल तक परीक्षा आयोजित होगी।
■ सुपर-100 लेवल-2 परीक्षा का शेड्यूल जारी
■ 5 अप्रैल से एडमिट कार्ड, 19 से 27 अप्रैल तक एग्जाम
■ 2,113 मेधावी छात्र तीन बैच में देंगे परीक्षा
हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी सुपर-100 योजना के तहत लेवल-2 प्रवेश परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभाग ने इसका विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। इस परीक्षा में प्रदेशभर से 2,113 मेधावी छात्र शामिल होंगे, जिन्होंने पहले चरण की परीक्षा सफलतापूर्वक पास की है। यह परीक्षा छात्रों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की दिशा में एक बड़ा अवसर मानी जा रही है।विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, छात्र 5 अप्रैल से अपने एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा का आयोजन 19 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच किया जाएगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय पर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और निर्धारित तिथि पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।परीक्षा को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए इसे तीन अलग-अलग बैचों में बांटा गया है। पहला बैच 19 से 21 अप्रैल, दूसरा बैच 22 से 24 अप्रैल और तीसरा बैच 25 से 27 अप्रैल तक परीक्षा देगा। सभी परीक्षाएं कुरुक्षेत्र स्थित सुपर-100 कार्यालय में आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक बैच में लगभग 700-700 छात्र शामिल रहेंगे।
इस परीक्षा की खास बात यह है कि छात्रों को केवल लिखित परीक्षा ही नहीं देनी होगी, बल्कि पहले तीन दिनों तक उन्हें विषयों की विशेष कोचिंग भी दी जाएगी। इसके बाद संबंधित विषयों की लेवल-2 परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस अनोखे पैटर्न के जरिए छात्रों को बेहतर तैयारी का मौका मिलेगा और उनकी क्षमता का सही आकलन किया जा सकेगा।सुपर-100 योजना के तहत राज्य सरकार मेधावी छात्रों को उच्च स्तर की कोचिंग और संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल बनाने का प्रयास कर रही है। ऐसे में यह परीक्षा छात्रों के भविष्य के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
shubham