हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि से मौसम ने बदला मिजाज, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी

हरियाणा के कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी से मौसम ठंडा हो गया। तापमान 7 डिग्री तक गिरा, मौसम विभाग ने दो दिन का यलो अलर्ट जारी किया।

हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि से मौसम ने बदला मिजाज, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी

हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि से मौसम ने बदला मिजाज, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी

हिसार, करनाल और यमुनानगर समेत कई जिलों में तेज बारिश, ओलों और आंधी से भारी नुकसान

तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट, मई में मार्च जैसा ठंडा मौसम महसूस हुआ


पंचकूला में मंगलवार सुबह बूंदाबांदी हुई। - Dainik Bhaskar

हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में सोमवार रात से तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी है। मंगलवार सुबह पंचकूला, फतेहाबाद के टोहाना और कैथल के राजौंद में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि करनाल, हिसार, भिवानी और फतेहाबाद में घने बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

सोमवार देर रात हिसार जिले में मौसम ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया। आदमपुर, अग्रोहा, बरवाला, किरमारा और खेदड़ क्षेत्र में तेज बारिश के साथ बड़े आकार के ओले गिरे। कई इलाकों में लोग रातभर घरों में दुबके रहे। ओलों की वजह से खेतों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक पिछले 24 घंटों में करनाल में सबसे ज्यादा 60.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा यमुनानगर में 38.5 मिमी, हिसार में 32.6 मिमी और जींद में 19.5 मिमी बारिश दर्ज हुई। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।

मई महीने में जहां आमतौर पर भीषण गर्मी पड़ती है, वहीं इस बार मार्च जैसा ठंडा मौसम महसूस किया जा रहा है। हिसार का तापमान सामान्य से 9.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। सिरसा में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि रोहतक में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

बारिश और तूफान ने प्रदेशभर में भारी नुकसान भी पहुंचाया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 12 जिलों में 15 हजार से ज्यादा पेड़ टूटकर गिर गए। बिजली विभाग के मुताबिक 16 जिलों में 5,173 बिजली के खंभे और 340 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।

फतेहाबाद के टोहाना में पेड़ की टहनी गिरने से हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारी आदेश कुमार की मौत हो गई। भिवानी में 100 फीट ऊंचा तिरंगा पोल दुकान पर गिर गया, जबकि कई मकानों की छतें भी उड़ गईं। सोनीपत में 33 केवीए पावर हाउस में ब्लास्ट हुआ। चरखी दादरी, रोहतक, सिरसा और यमुनानगर में भी तूफान के कारण संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।