हरियाणा में खुलेंगे 6 हजार नए राशन डिपो, सिर्फ महिलाओ को मिलेंगे करीब 2 हज़ार डिपो
हरियाणा सरकार 6 हजार नए राशन डिपो खोलने जा रही है, महिलाओं को 33% आरक्षण मिलेगा। आवेदन की उम्र 21-45 साल, न्यूनतम 12वीं पास और हरियाणा का निवासी होना जरूरी।
➤ हरियाणा में 6 हजार नए राशन डिपो खोलने की तैयारी
➤ महिलाओं को 33% आरक्षण, करीब 2000 डिपो महिलाओं के लिए रिजर्व
➤ उम्र 21-45 साल, 12वीं पास और हरियाणा का निवासी होना अनिवार्य
हरियाणा सरकार ने प्रदेश में राशन डिपो खोलने के इच्छुक युवाओं और महिलाओं के लिए बड़ा फैसला किया है। फूड एंड सप्लाई विभाग ने 6 हजार नए राशन डिपो खोलने की योजना तैयार की है, जिसमें महिलाओं को 33% आरक्षण मिलेगा। इसका मतलब है कि लगभग 2000 डिपो महिलाओं के लिए रिजर्व होंगे।
इस संबंध में विभाग ने फाइल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को भेज दी है। विभाग के मंत्री राजेश नागर ने इस योजना की पुष्टि की है और उम्मीद जताई है कि इस हफ्ते मंजूरी मिल सकती है। इसके बाद विभाग की ओर से राशन डिपो के लिए आवेदन मांगे जाएंगे।
वर्तमान में प्रदेश में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करीब 32 लाख परिवारों को राशन वितरित किया जाता है। प्रदेश में अब तक कुल 9,434 राशन डिपो हैं, जिनके माध्यम से सस्ता राशन प्रदान किया जाता है। राशन कार्ड तीन प्रकार के हैं—पीला (BPL), गुलाबी (AAY) और खाकी (OPH)। पीला कार्ड धारकों को प्रति सदस्य 5 किलो गेहूं, 2 लीटर तेल, 1 किलो चीनी और 1 किलो दाल मिलती है। गुलाबी कार्ड धारकों को प्रति कार्ड 35 किलो गेहूं, 2 लीटर सरसों का तेल, 1 किलो चीनी और 1 किलो दाल मिलती है। खाकी कार्ड पर प्रति सदस्य 5 किलो गेहूं और 1 किलो दाल प्रदान की जाती है।
राशन डिपो के लिए आवेदन करने के लिए उम्र 21 से 45 साल के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदक का न्यूनतम 12वीं पास होना अनिवार्य है और उसे कंप्यूटर का ज्ञान होना चाहिए। आवेदनकर्ता का हरियाणा का निवासी होना जरूरी है और डोमिसाइल सर्टिफिकेट जमा करना आवश्यक है।
महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था 2023 में लागू हुई थी और अब नए डिपो आवंटन में भी यह सुविधा जारी रहेगी। राशन डिपो धारकों को सैलरी नहीं बल्कि कमीशन मिलता है। वर्तमान में सरकार प्रति क्विंटल राशन पर 150 रुपए देती है, जिससे डिपो होल्डर को लगभग 9 हजार से 12 हजार रुपए महीना की आमदनी होती है।