हरियाणा के बुजुर्गों को ट्रेन से तीर्थ यात्रा की सुविधा सरकार और IRCTC के बीच तीर्थ यात्रा को लेकर समझौता
हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्ग श्रद्धालुओं को ट्रेन से 8 पवित्र स्थलों के मुफ्त दर्शन कराने के लिए IRCTC के साथ समझौता किया है।
■ हरियाणा सरकार और IRCTC के बीच तीर्थ यात्रा को लेकर MOU साइन
■ 60 साल से अधिक उम्र के पात्र बुजुर्गों को ट्रेन से मुफ्त तीर्थ दर्शन
■ यात्रा में भोजन, ठहरने और बस सेवा की भी निशुल्क व्यवस्था
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को और व्यापक बना दिया है। अब पात्र वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेन के माध्यम से देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। इसके लिए सरकार ने इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) के साथ समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए हैं।यह पहल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर शुरू की गई है, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक बुजुर्ग श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और सुरक्षित तरीके से तीर्थ यात्रा का अवसर मिल सके।
सरकार की ओर से बताया गया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक हरियाणा परिवहन की वोल्वो बसों के जरिए हजारों बुजुर्गों को अयोध्या सहित कई पवित्र स्थलों के दर्शन करवाए जा चुके हैं।
अब इस योजना को और विस्तार देते हुए ट्रेन यात्रा की सुविधा शुरू की जा रही है, ताकि ज्यादा संख्या में श्रद्धालु लाभ उठा सकें।
सरकार और IRCTC के बीच हुए समझौते के तहत हरियाणा के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को आठ प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी।
इनमें शामिल हैं:
अयोध्या, वाराणसी, पटना साहिब, नांदेड़ साहिब, पुष्कर जी, वैष्णो देवी, शिरडी और शनि शिंगणापुर।
जरूरत पड़ने पर भविष्य में अन्य तीर्थ स्थलों को भी इस योजना में जोड़ा जा सकता है।
यात्रा के लिए चलाई जाने वाली ट्रेन में कुल 11 कोच होंगे। इनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए और एक कोच सर्विंग स्टाफ के लिए रखा जाएगा।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को खाने-पीने की व्यवस्था, तीर्थ स्थल तक बस सुविधा और ठहरने की व्यवस्था भी सरकार की ओर से पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के हरियाणा के वरिष्ठ नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
इसके लिए पात्र व्यक्ति की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए से कम होनी चाहिए। योजना का लाभ लेने के लिए बुजुर्गों को सरकारी पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।
shubham