हरियाणा में 2 अफसरों का ट्रांसफर ,IAS सत्येंद्र दुहान को मिला नया प्रभार
हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए IAS सत्येंद्र दुहान को हरियाणा कौशल विकास मिशन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है, जबकि IFoS एस. नारायणन को एक अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।
हरियाणा सरकार ने एक IAS और एक IFoS अधिकारी की जिम्मेदारियों में किया बदलाव
IAS सत्येंद्र दुहान को हरियाणा कौशल विकास मिशन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया
IFoS एस. नारायणन को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अतिरिक्त चार्ज से मुक्त किया गया
हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए दो वरिष्ठ अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग से संबंधित आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार एक IAS और एक IFoS अधिकारी की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
हरियाणा कैडर के 2018 बैच के IAS अधिकारी सत्येंद्र दुहान को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्तमान में वह निदेशक, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, हरियाणा तथा अतिरिक्त सचिव, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के पद पर कार्यरत हैं।
सरकार ने अब उन्हें उनके मौजूदा दायित्वों के साथ-साथ मिशन निदेशक, हरियाणा कौशल विकास मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया है। माना जा रहा है कि कौशल विकास योजनाओं को और प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से यह जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं 1997 बैच के IFoS अधिकारी एस. नारायणन के कार्यभार में भी बदलाव किया गया है। वर्तमान में वह महानिदेशक, उच्च शिक्षा, हरियाणा, सचिव, उच्च शिक्षा विभाग और सदस्य सचिव, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, हरियाणा के रूप में कार्यरत थे।
राज्यपाल के आदेशों के अनुसार एस. नारायणन को सदस्य सचिव, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, हरियाणा के अतिरिक्त प्रभार से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि वह अपने अन्य सभी पदों पर पूर्ववत कार्य करते रहेंगे।
हरियाणा सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन और विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
pooja