हरियाणा में फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 18 IAS और 3 HCS अधिकारियों के तबादले

हरियाणा सरकार ने 18 IAS और 3 HCS अधिकारियों के तबादले किए हैं। जींद और चरखी दादरी के DC बदले गए हैं तथा कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हरियाणा में फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 18 IAS और 3 HCS अधिकारियों के तबादले

➤ हरियाणा सरकार ने 18 IAS और 3 HCS अधिकारियों के तबादले किए

➤ जींद और चरखी दादरी के DC बदले, कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी

➤ दो दिन में दूसरी बार बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर सरकार ने चौंकाया


हरियाणा सरकार ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बार फिर बड़ा बदलाव करते हुए 18 IAS और 3 HCS अधिकारियों के तबादले एवं नई नियुक्तियों के आदेश जारी कर दिए हैं। मंगलवार देर रात जारी आदेशों के अनुसार कई जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां बदली गई हैं, जबकि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।

सरकार का यह कदम इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इससे एक दिन पहले सोमवार को भी राज्य सरकार ने 6 IAS और 18 HCS अधिकारियों के तबादले किए थे। लगातार दो दिनों में हुए इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस फेरबदल में सबसे चर्चित बदलाव जींद और चरखी दादरी जिलों में देखने को मिला है। सरकार ने मनदीप कौर को चरखी दादरी का नया जिला उपायुक्त (DC) नियुक्त किया है। वहीं डॉ. वैशाली शर्मा को जींद का नया DC बनाया गया है।

जींद के मौजूदा उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा को अब मानव संसाधन विभाग में निदेशक एवं विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं हाल ही में पानीपत डीसी पद से हटाए गए वीरेंद्र दहिया को फिर से परिवहन विभाग के निदेशक का जिम्मा सौंप दिया गया है। दो दिन पहले उन्हें स्पेशल सेक्रेटरी बनाया गया था।

नए आदेशों के तहत नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे वरिष्ठ IAS अधिकारी पंकज यादव को सहयोग विभाग, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग का प्रधान सचिव तथा हरियाणा भवन, नई दिल्ली में प्रिंसिपल रेजीडेंट कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा फरीदाबाद मंडलायुक्त संजय जून को मेवात विकास एजेंसी के चेयरमैन का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। वहीं कैथल DC अपराजिता को अपने वर्तमान पद के साथ-साथ मत्स्य विभाग की अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

लगातार हो रहे प्रशासनिक फेरबदल को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सरकार आगामी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को तेज करने के उद्देश्य से अधिकारियों की नई तैनाती कर रही है।