हरियाणा ACB ने CM फ्लाइंग के इंस्पेक्टर को 5 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा, माइनिंग वाहनों से वसूली का आरोप

हरियाणा ACB ने CM फ्लाइंग के इंस्पेक्टर राजेश कुमार को 5 लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। माइनिंग वाहनों से रकम मांगने का आरोप लगाया गया था।

हरियाणा ACB ने CM फ्लाइंग के इंस्पेक्टर को 5 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा, माइनिंग वाहनों से वसूली का आरोप

5 लाख रुपए की रिश्वत लेते इंस्पेक्टर राजेश कुमार रंगेहाथ गिरफ्तार
माइनिंग वाहनों को बिना रोक-टोक निकालने के बदले प्रति वाहन रकम मांगने का आरोप
उमरी पुल के नीचे मुलाकात के बाद ACB ने ट्रैप लगाकर की कार्रवाई


हरियाणा स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो (SV & ACB) कुरुक्षेत्र की टीम ने रविवार को हरियाणा CM फ्लाइंग के इंस्पेक्टर राजेश कुमार को 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। राजेश कुमार अंबाला में तैनात था। उसके खिलाफ थाना SV & ACB अंबाला में करनाल के रांवर निवासी कुलदीप सिंह की शिकायत पर कार्रवाई की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इंस्पेक्टर यमुनानगर से करनाल तक रेत-बजरी से भरी माइनिंग गाड़ियों को बिना रोक-टोक निकालने के बदले प्रति वाहन हर महीने रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत के अनुसार, कुलदीप सिंह गुरु नानक कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़े हैं। आरोप था कि इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने माइनिंग सामग्री लेकर चलने वाली गाड़ियों को रास्ते में न रोकने के बदले प्रत्येक वाहन से 10 हजार रुपए प्रतिमाह की मांग की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, रिश्वत की रकम नहीं देने पर कानूनी कार्रवाई करने की धमकी भी दी गई थी।

10 हजार से घटाकर 7 हजार रुपए प्रति वाहन पर हुआ सौदा

शिकायतकर्ता के निवेदन पर 19 सितंबर को इंस्पेक्टर और उसके बीच उमरी पुल के नीचे मुलाकात हुई। इस दौरान आरोपी इंस्पेक्टर 10 हजार रुपए प्रति वाहन की मांग से कम होकर 7 हजार रुपए प्रति वाहन लेने पर सहमत हुआ। बताया गया कि इस दौरान उसने करीब 70 गाड़ियों की लिस्ट भी नोट की।

इसके बाद इस महीने के लिए कुल 5 लाख रुपए रिश्वत की रकम तय हुई। शिकायत मिलने के बाद SV & ACB कुरुक्षेत्र की टीम ने मामले की पुष्टि की और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की कार्रवाई शुरू की।

शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने लगाया ट्रैप

SV & ACB कुरुक्षेत्र की टीम की कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी और शैडो गवाह मौजूद रहे। जैसे ही इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने शिकायतकर्ता से 5 लाख रुपए की रिश्वत की रकम ली, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

ACB की कार्रवाई के बाद आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ थाना SV & ACB अंबाला में मामला दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई है।

पूरी कार्रवाई में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 105 के तहत कार्रवाई की गई है।