12 लाख पैकेज वाली जागृति ने ऑफिस की 5वीं मंजिल से लगाई छलांग, पति की प्रताड़ना से थी परेशान
गुरुग्राम में 12 लाख पैकेज पर कार्यरत जागृति बारी ने ऑफिस की पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
● 12 लाख सालाना पैकेज पर काम करने वाली महिला ने ऑफिस बिल्डिंग से कूदकर जान दी
● परिजनों का आरोप- पति पूरी सैलरी लेता था और करता था मारपीट
● शिकायत के बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर शुरू की पूछताछ
गुरुग्राम में एक कॉर्पोरेट प्रोफेशनल की मौत ने घरेलू प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर-51 स्थित आदित्य बिड़ला कंपनी में सीनियर अकाउंट एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत 33 वर्षीय जागृति बारी ने ऑफिस की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मूल रूप से देहरादून की रहने वाली जागृति एक प्रतिभाशाली प्रोफेशनल थीं। वह सालाना करीब 12 लाख रुपए के पैकेज पर नौकरी कर रही थीं। नवंबर 2023 में उन्होंने मेरठ निवासी सीए अमित सिंघल से प्रेम विवाह किया था। परिवार को उम्मीद थी कि दोनों की जिंदगी खुशहाल रहेगी, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद जागृति को लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। आरोप है कि पति उसकी पूरी सैलरी अपने कब्जे में ले लेता था और उसे व्यक्तिगत खर्च के लिए भी पर्याप्त पैसे नहीं दिए जाते थे।
मृतका के भाई हार्दिक बारी के अनुसार, छोटी-छोटी बातों को लेकर जागृति के साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने बताया कि जागृति कई बार अपनी बहन को चोटों और मारपीट के निशानों की तस्वीरें भेज चुकी थी। परिवार का कहना है कि लगातार हो रही प्रताड़ना ने उसे मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था।
परिजनों का आरोप है कि जिस रिश्ते को उसने प्यार और विश्वास के साथ अपनाया था, वही रिश्ता उसके लिए दर्द और तनाव का कारण बन गया। परिवार का दावा है कि लंबे समय से चल रही परेशानियों के चलते जागृति गहरे तनाव में थी।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रताड़ना से जुड़े आरोपों में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के पति अमित सिंघल को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
यह मामला एक बार फिर इस सवाल को सामने लाता है कि आर्थिक रूप से सफल और आत्मनिर्भर दिखने वाले लोगों की जिंदगी में भी कई बार ऐसे संघर्ष छिपे होते हैं, जो बाहर से दिखाई नहीं देते। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
pooja