इनामी बदमाश का एनकाउंटर: पुलिस और बदमाश के बीच 7 राउंड फायर, फिर पकड़ में आया बदमाश
गुरुग्राम के सेक्टर-93 में पुलिस और इनामी बदमाश नितिन के बीच मुठभेड़ हुई। सात राउंड फायरिंग के बाद आरोपी घायल हुआ और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
- गुरुग्राम में पुलिस और बदमाश के बीच करीब 7 राउंड फायरिंग हुई
- ₹5 हजार के इनामी बदमाश नितिन को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया
- हत्या, लूट, डकैती और किडनैपिंग समेत 17 से अधिक मामलों में आरोपी है नितिन
सेक्टर-93 क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से करीब सात राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान झज्जर निवासी 23 वर्षीय नितिन के रूप में हुई है। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था और उस पर ₹5 हजार का इनाम घोषित था। कार्रवाई को पालम विहार क्राइम ब्रांच की टीम ने अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार नितिन का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, किडनैपिंग और आर्म्स एक्ट समेत 17 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वह कई मामलों में वांछित चल रहा था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने सेक्टर-93 इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके अन्य आपराधिक मामलों तथा नेटवर्क को लेकर भी जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan