गुरुग्राम की लग्जरी सोसाइटी में भीषण आग, परिवार ने भागकर बचाई जान
गुरुग्राम के सेक्टर-63ए स्थित अनंत राज सोसाइटी के फ्लैट में भीषण आग लगी। परिवार ने भागकर जान बचाई, फायर सेफ्टी उपकरण खराब होने के आरोप लगे।
- गुरुग्राम की अनंत राज सोसाइटी के लग्जरी फ्लैट में भीषण आग
- परिवार ने भागकर जान बचाई, फ्लैट पूरी तरह जल गया
- फायर सेफ्टी उपकरण खराब होने के आरोप, रेजिडेंट्स में रोष
गुरुग्राम के सेक्टर-63ए स्थित पॉश अनंत राज इस्टेट सोसाइटी के एक लग्जरी फ्लैट में भीषण आग लग गई। हादसा ई-ब्लॉक के प्रथम तल पर स्थित फ्लैट नंबर E-27 में हुआ, जहां शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है।
जानकारी के अनुसार फ्लैट मालिक अंकित सेठी ने शुरुआत में खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। हालात बिगड़ते देख उन्होंने पहले बच्चों को बाहर निकाला, फिर पत्नी के साथ किसी तरह फ्लैट से निकलकर अपनी जान बचाई।
फ्लैट मालिक ने आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद सोसाइटी की मेंटिनेंस टीम को सूचना दी गई, लेकिन करीब 30 मिनट तक कोई मदद नहीं मिली। इसी दौरान आग लगातार फैलती रही।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि सोसाइटी में लगे फायर एक्सटिंग्विशर काम नहीं आए। आरोप है कि कई अग्निशमन यंत्र 2018 में ही एक्सपायर हो चुके थे। वहीं वाटर पंप में पानी नहीं था और बिजली की MCB भी ट्रिप नहीं हुई।
आग में फ्लैट के अंदर रखा बेड, एसी, फ्रिज, पंखे, इलेक्ट्रॉनिक सामान और इन्वर्टर बैटरी सहित कई कीमती सामान जलकर राख हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार का ब्लास्ट नहीं हुआ और समय रहते आसपास के फ्लैट खाली करा लिए गए।
घटना के बाद रेजिडेंट्स ने बिल्डर और मेंटिनेंस एजेंसी के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। लोगों ने मौके पर हंगामा करते हुए सुरक्षा दावों पर सवाल उठाए और नुकसान की भरपाई की मांग की।
फायर ब्रिगेड की टीम बाद में मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। मामले की शिकायत प्रशासन और फायर विभाग को देने की तैयारी की जा रही है।
pooja